गुरदासपुर: बर्थडे पार्टी में विवाद, दो युवकों पर चलाई गोलियां; एक की मौत
गुरदासपुर के मुस्तफाबाद गांव में मामूली कहासुनी के बाद कुछ लोगों ने दो युवकों पर गोलियां चला दीं जिसमें अमनप्रीत सिंह की मौत हो गई और सूरज घायल हो गया। थाना घुम्मन कलां की पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है जिसमें से एक को गिरफ्तार कर लिया गया है जबकि छह अभी भी फरार हैं। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। गांव मुस्तफाबाद में मामूली बहसबाजी के बाद कुछ लोगों ने दो युवकों पर गोलियां चला दीं। इस दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हो गया। थाना घुम्मन कलां की पुलिस ने सात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि छह फरार हैं।
गुरमीत सिंह निवासी कोटला सरफ, थाना सदर बटाला ने बताया कि वह अपने 25 वर्षीय भतीजे अमनप्रीत सिंह पुत्र बलदेव सिंह निवासी धीर और उसके दोस्त अंकुश, जैरी, भुल्लर और सूरज निवासी सुनियां के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने शनिवार को बटाला के होटल में गया था। वहां उसके भतीजे और दोस्तों की आरोपितों के साथ बहसबाजी हो गई।
बाद में दोनों पक्षों में सुलह हो गई। इसके बाद वे अपनी-अपनी गाड़ियों में प्रदीप सिंह को उसके घर मुस्तफाबाद छोड़ने जा रहे थे। पुल ड्रेन मुस्तफाबाद पहुंचने पर आरोपितों ने गाड़ी रोककर उनके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। आरोपितों ने अमनप्रीत सिंह और उसके दोस्तों पर करीब पांच फायर किए।
गोली लगने से अमनप्रीत की मौत हो गई, जबकि सूरज घायल हो गया। पुलिस ने आरोपित प्रदीप सिंह, लवप्रीत सिंह निवासी पैड़ूवाल, गगन निवासी गिल, प्रीत निवासी मस्तकोट, हजारा सिंह, जतिंदर सिंह निवासी मुस्तफापुर और जसवंत सिंह निवासी सहारी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपित प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्यों की तलाश में छापामारी जारी है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।