जालंधर प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर, भारत-पाकिस्तान तनाव के बीच आपातकालीन तैयारी
भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ने के कारण जालंधर के जिला प्रशासनिक परिसर में आपातकालीन सेवाओं के लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है। हेल्पलाइन नंबर 0181-2224417 पर 24 घंटे स्टाफ तैनात है। शहर में सायरनों की संख्या बढ़ाई जा रही है और सिविल डिफेंस टीम में स्वयंसेवकों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। आदमपुर हवाई अड्डे पर सेवाएं अगले आदेश तक बंद कर दी गई हैं।

जागरण संवाददाता, जालंधर। भारत और पाकिस्तान में बढ़े तनाव के बीच महानगर के जिला प्रशासनिक परिसर में आपातकालीन सेवाओं के लिए एक कंट्रोल रूम नियंत्रण कक्ष स्थापित कर दिया गया है। इसमें चौबीस घंटे स्टाफ तैनात किया गया है।
राजस्व, कृषि और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को तीन शिफ्टों में लगाया गया है। नियंत्रण कक्ष में ड्यूटी पर तैनात रहने वाला स्टाफ हेल्पलाइन नंबर 0181-2224417 पर आने वाली सभी आपातकालीन फोन कॉल्स को तुरंत सुनेगा और प्रशासन एवं लोगों के मध्य संदेश का आदान-प्रदान करेगा।
सायरनों की संख्या बढ़ाने की तैयारी
वहीं प्रशासन शहर में किसी भी आपात स्थिति में अलर्ट जारी करने के लिए सायरन की संख्या बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। फिलहाल शहर में 13 सायरन हैं। सभी काम कर रहे हैं। इन्हें पिछली शाम ब्लैकआउट ड्रिल के दौरान बजाया गया था। चूंकि अब शहर की सीमाएं फैल चुकी हैं, ये सायरन पर्याप्त नहीं पाए गए, क्योंकि इनकी पहुंच सीमित है।
डिप्टी कमिश्नर डॉ हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि और भी सायरन लगाए जा रहे हैं। आइओसीएल के सायरन समेत फैक्ट्रियों और मिलों में लगे सायरन को भी ब्लैक आउट वार्निंग में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि सात मई की रात करीब दो बजे 30 मिनट के लिए ब्लैकआउट किया गया।
सिविल डिफेंस टीम में स्वयंसेवकों की बढ़ाई जाएगी संख्या
प्रशासन सिविल डिफेंस टीम में स्वयंसेवकों की संख्या बढ़ाने की तैयारी कर रहा है। फिलहाल जालंधर में 515 सदस्य इस टीम में हैं, जो आपात स्थिति में राहत कार्यों में मदद करते हैं।
प्रशासन ने लोगों से सिविल डिफेंस में पंजीकरण करने की अपील शुरू कर दी है ताकि 24 घंटे काल पर प्रशिक्षित मानव बल उपलब्ध हो सके। कोई भी वयस्क व्यक्ति इसमें शामिल हो सकता है। प्रशासन एवं सिविल डिफेंस तथा अन्य विभागों के सहयोग से बुधवार को हवाई हमले से बचने के लिए मॉक ड्रिल की गई थी।
आदमपुर एयरपोर्ट पर अगले आदेश तक सेवाएं बंद
इस बीच आदमपुर सिविल हवाई अड्डे पर दो दिनों के लिए आदमपुर-हिंडन-नांदेड़ साहिब-बेंगलुरु फ्लाइट उड़ान रद की गई थी। अधिकारियों ने वीरवार को बताया कि सिविल हवाई अड्डा अगले आदेश तक कार्य नहीं करेगा। आदमपुर पर भी टीम अलर्ट पर है।
नियंत्रण कक्ष स्थापित, बढ़ाए जाएंगे सायरन
- -आपातकालीन फोन काल के लिए हेल्पलाइन नंबर 0181-2224417 जारी
- -नियंत्रण कक्ष में राजस्व, कृषि और खाद्य विभाग के कर्मियों को लगाया
- -स्वयंसेवकों से सिविल डिफेंस टीम में शामिल होने की डीसी ने अपील की
- -फैक्ट्रियों और मिलों में लगे सायरन ब्लैकआउट वार्निंग में शामिल होंगे
- -24 घंटे स्टाफ कंट्रोल रूम में तैनात किया
- -3 शिफ्टों में इस कक्ष में ड्यूटी देंगे कर्मी
- -515 सदस्य हैं अभी सिविल डिफेंस टीम में
हवाई हमले से पहले की तैयारी
- - सायरन की पहचान व अर्थ की जानकारी हर नागरिक को होनी चाहिए।
- - परिवार के सभी सदस्यों को आपातकालीन उपाय सिखाए जाएं जैसे रेत, पानी व फर्स्ट एड की व्यवस्था।
- - सिविल डिफेंस, पुलिस, फायर ब्रिगेड व अस्पताल के नंबर याद रखें।
- - ज्वलनशील सामान हटाएं, बाल्टियों में पानी रेत भरकर रखें।
- - खिड़कियों पर काले व खाकी कागज लगाएं, लाइटों को ढक दें।
हवाई हमले के दौरान क्या करें
- - खुले मैदान में लेट जाएं, कान बंद करें, दांतों में कपड़ा दबाएं, चेहरा नीचे रखें।
- - इमारत में हों तो बिजली बंद करें, सुरक्षित कोने में छिपें
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।