Trending

    जालंधर सरपंच हत्याकांड: नशा तस्करों के हमले में हो गए थे घायल, हत्या का केस दर्ज

    Updated: Mon, 09 Mar 2026 02:14 PM (IST)

    जालंधर के नकोदर में नशा तस्करों के हमले में घायल सरपंच महिंदर सिंह की मृत्यु हो गई। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तीन को गिरफ्तार ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    हमले में घायल सरपंच की मौत, आरोपितों पर हत्या का केस दर्ज। सांकेतिक तस्वीर

    जागरण संवाददाता, जालंधर। जालंधर के नकोदर स्थित गांव बूटे दीआं छन्ना में नशा तस्करों के हमले में घायल सरपंच महिंदर सिंह की मृत्यु के बाद थाना मेहतपुर की पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

    इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार हैं। जांच में यह स्पष्टहुआ है कि फरार आरोपित पंजाब से बाहर भाग चुके हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही हैं।

    सरपंच पर हमले के मामले में कुल आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। महिंदर सिंह की मौत के बाद गांववासियों, स्वजनों और विभिन्न संगठनों ने इंसाफ की मांग को लेकर थाना महितपुर के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।

    जानकारी के अनुसार, 27 फरवरी की सुबह लगभग साढ़े छह बजे, सरपंच महिंदर सिंह अपनी पत्नी के साथ खेतों की ओर अपने पशुओं को देखने जा रहे थे। इसी दौरान कुछ नशा तस्करों और समाज विरोधी तत्वों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

    घटना की सूचना मिलने पर परिजनों ने उन्हें जालंधर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। थाना प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ हत्या की धारा भी जोड़ी गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयासरत है।