अवैध तरीके से इंग्लैंड पहुंचने के चक्कर में जालंधर का युवक लापता, समुद्र में नांव पलटने से हुआ हादसा
जालंधर का 29 वर्षीय अरविंदर सिंह अवैध रूप से इंग्लैंड में प्रवेश करते समय फ्रांस के पास समुद्र में लापता हो गया। नाव पलटने से यह हादसा हुआ। उसके साथ यात्रा कर रहे युवक ने घटना की जानकारी दी। परिवार ने भारत सरकार से उसे ढूंढने और सुरक्षित वापस लाने की गुहार लगाई है। अरविंदर पहले पुर्तगाल गया था और फिर इंग्लैंड जाने की योजना बनाई।

जागरण संवाददाता, जालंधर। अवैध तरीके से इंग्लैंड में प्रवेश करने की कोशिश जालंधर का एक युवक लापता हो गया। भटनूरा लुबाना गांव का रहने वाला 29 वर्षीय अरविंदर सिंह नाव पलटने की घटना में समुद्र में लापता हो गया, जबकि उसके सभी साथी सही सलामत बच गए। यह हादसा 1 अक्टूबर को फ्रांस के समुद्र तट के पास हुआ।
घटना की जानकारी कपूरथला निवासी उस युवक ने दी, जो अरविंदर के साथ यात्रा पर था और सकुशल घर लौट आया। उसने कहा कि अरविंदर और अन्य साथी इंग्लैंड में डंकी से घुसने के लिए नाव के जरिए समुद्र पार करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान तेज लहरों के कारण नाव पलट गई।
नाव पर सवार कई लोगों को बचा लिया गया, लेकिन अरविंदर लहरों में बह गया और उसका अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। अरविंदर के भाई अशविंदर सिंह ने बताया कि उसका भाई 18 मई को वर्क परमिट वीजा पर पुर्तगाल गया था और 5 सितंबर को उसकी बायोमेट्रिक प्रक्रिया पूरी हुई थी।
वहां कुछ युवकों से मुलाकात के बाद उसने इंग्लैंड जाने की योजना बनाई। पहले उसने ट्रक के जरिए जाने की कोशिश की, लेकिन असफल रहने पर नाव का रास्ता चुना। परिवार ने बताया कि 2 अक्टूबर को अरविंदर ने फोन कर बताया था कि वह नाव से इंग्लैंड जा रहा है।
परिवार ने उसे ऐसा न करने की सलाह दी, लेकिन उसने बात नहीं मानी। अब उसका कोई संपर्क नहीं है। परिवार ने भारत सरकार और विदेश मंत्रालय से गुहार लगाई है कि अरविंदर की खोज के लिए तुरंत कार्रवाई की जाए और उसे सुरक्षित भारत वापस लाया जाए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।