Punjab Politics: सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी BJP, अश्वनी शर्मा ने कार्यकर्ताओं से की आंदोलन खड़ा करने की अपील
पंजाब भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने घोषणा की कि पार्टी पंजाब की सभी 117 विधानसभा सीटों पर अपने दम पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तैयारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पंजाब को नशा मुक्त करना चाहती है और किसानों को सब्जियों पर भी एमएसपी दिलाना चाहती है। उन्होंने नशे के मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान पर भी निशाना साधा।

जागरण संवाददाता, जालंधर। पंजाब भाजपा के नए कार्यकारी अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने जालंधर दौरे पर एक बार फिर संदेश दिया कि भाजपा पंजाब में अपने दम पर ही अगले विधानसभा चुनाव लड़ेगी। कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा पंजाब की सभी 117 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वह इसके लिए तैयारी करें और पंजाब में एक आंदोलन खड़ा करें। उन्होंने कहा कि वह जनता को गुमराह करके नहीं बल्कि सीधे स्पष्ट रूप से कहना चाहते हैं कि भाजपा पंजाब की सत्ता चाहती है क्योंकि पंजाब को नशे से मुक्त करना है।
पंजाब को उद्योगों में आगे लेकर जाना है और पंजाब के किसानों को सिर्फ बड़ी फसलों ही नहीं बल्कि सब्जियों पर भी एमएसपी देनी है। पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ के अकाली दल से समझौते की जरूरत के बयान का विरोध कर चुके कार्यकारी अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा की पंजाब को बुरे हालातो से निकलने के लिए भाजपा का सत्ता में आना जरूरी हो गया है।
वहीं उन्होंने अकाली नेता बिक्रम सिंह मजीठिया पर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह और मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच हुई बयान बाजी पर कहा कि नशे को लेकर भाजपा का स्टैंड एकदम स्पष्ट है, भाजपा हमेशा यूनिवर्सिटी के खिलाफ रही है और इस पर मुख्यमंत्री भगवंत मान के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।
भगवंत मान बताएं कि अब तक नशे की सप्लाई चैन क्यों नहीं तोड़ी। भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा कि जो खुद नशा करते हो वह नशे को कैसे खत्म करेंगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।