किसानों के लिए अच्छी खबर, बाढ़ से नष्ट हुई फसलों की होगी भरपाई; सरकार देगी मुआवजा
पंजाब सरकार बाढ़ से प्रभावित किसानों को पूरा मुआवजा देगी। राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार विशेष गिरदावरी के आदेश जारी किए गए हैं। बाढ़ प्रभावित गांवों को नाव दी जा रही है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। सरकार राशन दवाइयां और पशुओं के लिए चारे का प्रबंध कर रही है।

संवाद सहयोगी, सुल्तानपुर लोधी। पंजाब के राजस्व, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशानुसार पंजाब सरकार बाढ़ के कारण फसलों को हुए नुकसान का हर किसान को पूरा मुआवजा देगी।
बुधवार को फिर से सुल्तानपुर लोधी में बाढ़ पीड़ितों की देखभाल और राहत कार्यों की समीक्षा करने पहुंचे राजस्व मंत्री श्री मुंडियां ने कहा कि यह प्राकृतिक आपदा है और पंजाब सरकार इस संकट की घड़ी में लोगों के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने विशेष गिरदावरी के आदेश पहले ही जारी कर दिए हैं और इस कार्य को जल्द पूरा करने के लिए ज़िला माल अधिकारी और नायब तहसीलदार विशेष रूप से नियुक्त किए गए हैं। ये नायब तहसीलदार केवल विशेष गिरदावरी का कार्य ही देखेंगे।
उन्होंने कहा कि पानी कम होते ही विशेष गिरदावरी करवाकर किसानों को उचित मुआवजा तुरंत प्रदान किया जाएगा। पंजाब सरकार लोगों की जान-माल की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पानी की चपेट में आए क्षेत्रों में लोगों को राहत पहुंचाने और हालात से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए मंत्रियों के समूहों की ड्यूटी लगाई है।
राज्य सरकार द्वारा प्रत्येक बाढ़ प्रभावित गांव को नाव दी जा रही है ताकि पानी में घिरे लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
कैबिनेट मंत्री ने आहली कलां, आहली खुर्द और बाउपुर गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आहली कलां के लोगों से भी बातचीत की, जहां बीते दिन अस्थायी बांध टूटने के कारण हजारों एकड़ फसल पानी की चपेट में आ गई है। आहली कलां के लोगों ने कैबिनेट मंत्री को अस्थायी बांध टूटने से हो रहे नुकसान के बारे में बताया और पंचायत की ओर से मंत्री को मांग पत्र भी सौंपा गया।
इस दौरान कैबिनेट मंत्री नाव के माध्यम से बाढ़ पीड़ितों की देखभाल के लिए सांगरा गांव भी पहुंचे, जहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनका हाल-चाल जाना और जरूरतमंद परिवारों को राशन वितरित किया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों को भरोसा दिलाया कि इस मुश्किल घड़ी में पंजाब सरकार उन्हें अकेला नहीं छोड़ेगी और हर संभव सहायता उन तक पहुंचाई जाएगी।
कैबिनेट मंत्री ने लोगों से अपील की कि पानी के बढ़े स्तर के कारण मंड क्षेत्र के निचले इलाकों के लोग सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों की मदद के लिए बाढ़ कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इसके अलावा, बाढ़ की चपेट में आए परिवारों को राशन, दवाइयां, पशुओं के लिए चारा आदि प्रदान किया जा रहा है ताकि इस प्राकृतिक आपदा के दौरान उन्हें राहत पहुंचाई जा सके।
इससे पहले कैबिनेट मंत्री ने राज्यसभा सदस्य संत बाबा बलवीर सिंह सीचेवाल, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन और सुल्तानपुर लोधी के हलका इंचार्ज सज्जन सिंह चीमा, डिप्टी कमिश्नर अमित कुमार पंचाल, हलका इंचार्ज कपूरथला एडवोकेट करमबीर सिंह चंदी, एसएसपी गौरव तूरा, अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर नवनीत कौर बल, ज़िला योजना बोर्ड के चेयरपर्सन सरबजीत सिंह लुबाना, ज़िला मीडिया इंचार्ज इंदरजीत सिंह जुगनू और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ मीटिंग कर बाढ़ में राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि राहत कार्य युद्ध स्तर पर चलाए जाएं ताकि लोगों को राशन, पीने का पानी, दवाइयां आदि की कोई परेशानी न हो।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।