Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'बाढ़ से बचाव के लिए प्रकृति को लगाएं गले', प्राकृतिक आपदा पर संत सीचेवाल का संदेश

    Updated: Tue, 09 Sep 2025 10:44 PM (IST)

    राज्यसभा सदस्य संत सीचेवाल ने कहा कि बाढ़ से बचने के लिए प्रकृति के करीब जाना होगा। जलवायु परिवर्तन को देखते हुए फसलों का चयन करना होगा। उन्होंने विकास मॉडल को विनाशकारी बताते हुए नदियों के महत्व पर प्रकाश डाला। संत सीचेवाल ने धुस्सी बांधों को मजबूत करने और वृक्षारोपण को बढ़ावा देने की बात कही।

    Hero Image
    संत सीचेवाल ने कहा कि बाढ़ से बचने के लिए प्रकृति के करीब जाना होगा (फोटो: जागरण)

    संवाद सहयोगी, सुल्तानपुर लोधी। राज्यसभा सदस्य और पर्यावरण प्रेमी संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि बाढ़ों से निजात पाने के लिए हमें कुदरत के करीब जाना होगा और दरिया के लिए बाढ़ क्षेत्र छोड़ना होगा। पिछले 29 दिनों से बाढ़ प्रभावित इलाकों में जाकर पीड़ितों का सहारा बने संत सीचेवाल ने कहा कि हमें वैश्विक स्तर पर हो रहे जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए अपनी फसलें तय करनी होंगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    जलवायु परिवर्तन से आने वाली चुनौतियों का सामना करने के लिए हमें तैयार रहना होगा। उन्होंने कहा कि जिस विकास मॉडल को प्रस्तुत किया जा रहा है, उसने तबाही मचाई है। इस विकास मॉडल ने जंगलों और पहाड़ों का विनाश किया है। संत सीचेवाल ने कहा कि दरिया के किनारे सभ्यताएं बसने का बड़ा कारण यह था कि दरिया अपने साथ उपजाऊ मिट्टी लाती थीं।

    यही मिट्टी खेती के लिए लाभदायक होती थी, पर जब से इंसान ने कुदरत से छेड़छाड़ करनी शुरू की है, तब से मुश्किलों में घिरता जा रहा है। गौरतलब है कि पंजाब में सतलुज, ब्यास, रावी और घग्गर के इर्द-गिर्द कुल 900 किलोमीटर लंबे धुस्सी बांध हैं।

    इनमें से 226 किलोमीटर सतलुज, 164 किलोमीटर रावी, 104 किलोमीटर ब्यास और लगभग 100 किलोमीटर घग्गर के किनारे हैं। इसके अलावा छोटी नदियों और चोअ (नालों) के आसपास भी 300 किलोमीटर लंबे कच्चे बांध बने हुए हैं। ये बांध 1950-60 के दशक में बनाए गए थे और इस बार आई बाढ़ ने पानी के पिछले सारे पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए।

    संत सीचेवाल ने कहा कि धुस्सी बांधों को मज़बूत करने के लिए इनके ऊपर पक्की सड़कों का निर्माण होना चाहिए और बांधों पर पेड़ लगाए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि बाढ़ से बचाव का सबसे आसान तरीका है कि हम अपने खेतों या ट्यूबवेल पर कम से कम पांच पेड़ लगाएं।

    उन्होंने बताया कि पंजाब में 14 लाख ट्यूबवेल हैं और अगर हर ट्यूबवेल पर पांच पेड़ भी लग जाएं तो 70 लाख पेड़ों की बढ़ोतरी होगी। ये पेड़ बाढ़ को कम करने में सहायक होंगे और समय पर वर्षा कराने में भी मददगार साबित होंगे।