Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब में जानलेवा गर्मी, बटाला और अमृतसर में दो लोगों की मौत; आज से बदलेगा मौसम

    Updated: Sun, 15 Jun 2025 07:53 AM (IST)

    पंजाब में गर्मी का प्रकोप जारी है शनिवार को बठिंडा और लुधियाना में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मौसम में बदलाव की संभावना है 20 जून तक तेज हवाएं चलेंगी और कुछ जिलों में बारिश हो सकती है जिससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को राहत मिलेगी। गर्मी से दो और लोगों की मौत हो गई है।

    Hero Image
    पंजाब में आज से मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब में शनिवार को फिर गर्म हवा चली। मौसम विभाग के अनुसार रविवार से मौसम में बदलाव होगा। 20 जून तक 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलेगी। कुछ जिलों में बूंदाबांदी व कुछ जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिन-रात के तापमान में कमी आएगी। इससे लोगों को राहत मिलेगी। शनिवार को बठिंडा व लुधियाना प्रदेश में सबसे गर्म रहे। दोनों जगह अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री रहा। पटियाला में 42.6, अमृतसर, फाजिल्का व फरीदकोट में 42, चंडीगढ़ में 41.2 डिग्री और जालंधर में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    शिमला में भी गर्म हवा

    हिमाचल की चोटियों पर हिमपात व अधिकतर जगह वर्षा हुई। इससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली। ऊना, बिलासपुर व मंडी में लू चली। शिमला में भी गर्म हवा चली। इससे लोगों को छाते का सहारा लेना पड़ा। राजस्थान के श्रीगंगानगर में तापमान 46.5 व चुरू में 45.6, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 45, हरियाणा के रोहतक में 44.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार हिमाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान मौसमी औसत से 5.1 डिग्री अधिक रहा। बंगाल और सिक्किम के कुछ स्थानों पर भी तापमान सामान्य से अधिक रहा। उत्तराखंड और जम्मू-कश्मीर के कई क्षेत्रों में भी तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा। विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ी क्षेत्रों में गर्मी से ग्लेशियरों के पिघलने की गति बढ़ सकती है, जिससे ग्लेशियर झीलों के फटने का खतरा बढ़ सकता है।

    गर्मी से दो और लोगों की मौत

    पंजाब में शनिवार को गर्मी से गुरदासपुर के बटाला और अमृतसर में दो लोगों की मौत हो गई। इससे पहले प्रदेश में गर्मी के कारण तीन लोगों की जान जा चुकी है। मोगा में बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई। वहीं, मौसम विभाग ने लोगों को तेज धूप में बाहर न निकलने की सलाह दी है।