लुधियाना में पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका, एक की मौत; तीन गंभीर रूप से घायल
लुधियाना के जोधा गांव में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण धमाके से छत ढह गई। इस दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप ...और पढ़ें
-1774981622090_m.webp)
जोधां गांव की पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका हुआ
जागरण संवाददाता, लुधियाना। लुधियाना के जोधां गांव में स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ है। धमाके में फैक्ट्री की छत भी ढह गई। इस हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि एक युवती समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, धमाका की आवाज इतनी तेज थी कि आस-पास के इलाके में रहने वाले लोग भी सहम गए।
सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मृतक की पहचान 19 वर्षीय मोहम्मद कैफ, गांव जिनजाना, शामली (यूपी) के रूप में हुई है। वह बुरी तरह झुलस गया था और अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया। हादसे में 16 साल की अलीशा गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि आर्यन और जमील को हल्की चोट आई है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फंसे हुए लोगों को फैक्ट्री से बाहर निकाला। घटना की सूचना पाकर सेना की टीम भी मौके पर पहुंची है।
जानकारी के अनुसार, जोधां के पास ठेकेदार ने कुछ लोगों को मकान किराए पर दिया था, जो पटाखा बनाने का काम करते थे। मंगलवार की रात लगभग सवा आठ बजे अचानक विस्फोट हुआ और शोर शुरू हो गया। मौके पर मौजूद लोगों को बाहर निकाला गया। आशंका जताई जा रही है कि घटनास्थल पर रखे पोटास में चिंगारी लगने से विस्फोट हुआ। घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई।
यह भी पढ़ें- लुधियाना और जालंधर में बिछेगा गैस पाइपलाइनों का जाल, उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा का बड़ा ऐलान
बताया जा रहा है कि उस समय उस फैक्ट्री में लगभग 18 लोग थे। घटनास्थल पर मौजूद लोग घटना के बारे अलग-अलग बातें बता रहे हैं, जबकि घटनास्थल से मिले पोटास के कारण पुलिस अलग एंगल से जांच कर रही है। घायल जमील ने बताया कि घटना के समय आर्यन और अलीशा खाना बना रहे थे। इसी दौरान सिलिंडर फटने से हादसा हुआ। जबकि घायल अलीशा ने बताया कि वह कमरे के बाहर थी और वह खाना नहीं बना रही थी, बल्कि कमरे के अंदर जा रही थी। इसी दौरान विस्फोट के बाद छत गिरी और उस पर एंगल गिरने से वह घायल हुई।
डीएसपी दाखा वरिंदर सिंह खोसा ने कहा कि घटनास्थल से पटाखे बनाने का सामान मिला है और पुलिस अभी घटना की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उक्त स्थान पर अवैध रूप से पटाखों का निर्माण किया जा रहा था। डीएसपी के मुताबिक, विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पटाखा निर्माण वाली इमारत समेत दो भवनों के लिंटर क्षतिग्रस्त हो गए।
यह भी पढ़ें- लुधियाना में 31 क्विंटल चूरा पोस्त जब्त, तस्कर फरार; तीन लग्जरी गाड़ियां भी मिलीं
उन्होंने बताया कि सेना की टीम भी मौके पर पहुंच गई है और राहत कार्य में सहयोग कर रही है। फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि उन्हें शाम करीब 8:20 बजे जोधां स्थित एक सरकारी स्कूल के पास धमाके और इमारत गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची, वहीं मुल्लांपुर से भी फायर ब्रिगेड की एक अन्य टीम सहायता के लिए पहुंची।
तीन दिन पहले आई थी अलीशा
हादसे में बुरी तरह घायल अलीशा तीन दिन पहले ही परिवार के साथ काम के लिए जोधां पहुंची थी। लड़की के पिता नौशाद ने बताया कि वह तीन दिन पहले ही आए थे और हादसे का शिकार हो गए। उनके साथ शामली से अन्य लोग भी आए थे और वह पटाखा बनाने का काम करते हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।