फिर से सक्रिय हुआ पश्चिमी विक्षोभ, पंजाब के 7 जिलों में आज झमाझम होगी बारिश; अब ठंड जल्द देगी दस्तक
पंजाब सहित उत्तर भारत में सर्दी दस्तक दे रही है। पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव से मौसम बदलेगा। पहाड़ों पर बर्फबारी और पंजाब के कई जिलों में बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में ठंड बढ़ने की संभावना जताई है।
-1762224062408.webp)
पंजाब में बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी से बदलेगा मौसम का मिजाज।
जागरण टीम, लुधियाना/नई दिल्ली। पंजाब सहित उत्तर भारत में सर्दी की दस्तक तेज होती दिख रही है। हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ और बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के संयुक्त असर से दो-तीन दिनों में मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पहाड़ों पर बर्फबारी व पंजाब सहित मैदानी इलाकों में हल्की बारिश के साथ तापमान में गिरावट शुरू होगी।
यह बदलाव सर्दी के असली दौर की शुरुआत का संकेत है। मौसम विभाग ने पंजाब के सात जिलों में मंगलवार व बुधवार को हल्की वर्षा की संभावना जताई है। इससे लोगों को स्माग से भी कुछ राहत मिलेगी। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि नवंबर के दूसरे हफ्ते तक उत्तर भारत में सर्द हवाओं का असर तेज हो जाएगा।
धुंध, कोहरा, ठिठुरन और सुबह-शाम की ठंडी हवाएं यह संकेत दे रही हैं कि अब सर्दी का असली दौर शुरू होने वाला है। नवंबर के पहले सप्ताह में रात को तापमान गिरने लगा है। सोमवार को बठिंडा, फरीदकोट व रोपड़ में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से दो डिग्री कम रहा। फिरोजपुर व फाजिल्का में 13, लुधियाना, अमृतसर, चंडीगढ़, गुरदासपुर, नवांशहर व पटियाला में 15 डिग्री सेल्सियस रहा।
इन सभी जिलों में तापमान दो से तीन डिग्री अधिक रहा। अधिकतम तापमान भी कई जिलों में 28 से 29 डिग्री के बीच रहा। पीएयू के मौसम विभाग की प्रमुख डा. पवनीत किंगरा के अनुसार मंगलवार व बुधवार को गुरदासपुर, पठानकोट, अमृतसर, होशियारपुर, कपूरथला, जालंधर व रूपनगर में हल्की वर्षा हो सकती है।
हिमाचल, कश्मीर और उत्तराखंड में बर्फबारी के आसार
मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार चार-पांच नवंबर को हिमाचल, कश्मीर और उत्तराखंड बर्फबारी के साथ ही बारिश की संभावना है। लंबे अंतराल के बाद पहाड़ों पर होने वाली यह बर्फबारी न केवल ठंड बढ़ाएगी, बल्कि मैदानी इलाकों तक सर्द हवाएं भी पहुंचाएगी। उत्तराखंड के कई जिलों में ठिठुरन भरी ठंड शुरू हो गई है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर में भी हल्की बारिश के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक इसका असर देखने को मिलेगा। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, लेकिन न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे जा चुका है। हवा की दिशा बदलने से प्रदूषण में भी अस्थायी बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि तीन-चार दिन बाद हालात सुधरने शुरू हो जाएंगे।
आईएमडी के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार में भी ठंड की शुरुआत हो चुकी है। कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक नीचे जा सकता है। सुबह-शाम के समय ठंडी हवाएं चलेंगी। बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव अब म्यांमार और बांग्लादेश की ओर बढ़ रहा है। इसके असर से मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और नागालैंड में भारी बारिश हो सकती है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।