मोगा में सगा फूफा ही निकला हैवान, भतीजे को किसी काम के लिए बाहर भेजकर भतीजी से करता था रेप; ऐसे खुली पोल
मोगा में एक नाबालिग छात्रा के साथ उसके सगे फूफा द्वारा दो साल तक डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया। कक्षा में बदले व्यवहार को देख अध्यापिका ने काउंसलिंग की जिससे किशोरी ने हिम्मत दिखाकर सच बताया। पिता ने थाना समालसर में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने फूफा के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, मोगा। अपनी ही कक्षा की होनहार छात्रा के बदले व्यवहार को देख अध्यापिका ने किशोरी की काउंसलिंग कर उससे बदलाव का कारण पूछा तो किशोरी ने हिम्मत दिखाते हुए अपने साथ हो रहे दुष्कर्म व अमानवीय व्यवहार की सच्चाई सामने रख दी।
पिता व भाई की गैर-मौजूदगी में किशोरी के साथ उसका सगा फूफा ही पिछले दो साल से डरा धमकाकर दुष्कर्म कर रहा था। किशोरी किसी को भी इसके बारे में बता नहीं पा रही थी, लेकिन अध्यापिका ने हौसला दिया। उसकी काउंसलिंग की तो किशोरी ने अपनी लड़ाई लड़ने का फैसला लिया।
किशोरी ने पिता को पूरी बात बताई तो मजदूर पिता बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए थाना समालसर पहुंचे। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपित फूफा के खिलाफ दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट के मामले में केस दर्ज कर लिया है।
थाना समालसर में दर्ज एफआईआर के अनुसार 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली किशोरी के साथ उसका सगा फूफा पिछले दो साल से उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। पीड़ित किशोरी का पिता मजदूर है। मां नहीं है। पिता जब मजदूरी के लिए चला जाता था तो फूफा चरणजीत सिंह घर आता था।
वह पहले तो भतीजी के प्रति प्यार जताता रहा। कुछ दिन बाद वह भतीजे को कोई न कोई काम बताकर बाहर भेजा देता था। बाद में घर में अकेली भतीजी के साथ दुष्कर्म करने लगा। किशोरी को फूफा ने इस कदर डरा दिया था कि वह पिता व भाई को कुछ नहीं बता पा रही थी।
अध्यापिका ने की काउंसलिंग तो मिला शिकायत करने का हौसला
पढ़ाई में अव्वल किशोरी जब कक्षा में उदास रहने लगी तो उसकी अध्यापिका को चिंता हुई। पहले तो कई बार किशोरी ने अध्यापिका को कुछ भी नहीं बताया, लेकिन अध्यापिका ने बार-बार काउंसलिंग की तो पीड़ित को हौसला मिला।
उसने पूरी बात अपने पिता को बताई तो पिता ने भी बेटी का साथ दिया। आरोपित 60 साल का बताया जा रहा है, जबकि पीड़ित अभी नाबालिग है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।