परिवार की गरीबी दूर करने गया था, अब रूसी सेना में फंसा मोगा का युवक; परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
मोगा जिले के चक्ककनियांकलां गांव का बूटा सिंह नामक युवक रूस में रूसी सेना में जबरन भर्ती हो गया है। परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए विदेश गए बूटा सिंह एक हमले में घायल हो गए हैं और अस्पताल में भर्ती हैं। परिवार ने विदेश मंत्रालय से उसकी सुरक्षित वापसी की गुहार लगाई है। 15 युवकों में से 14 लापता हैं, जिससे क्षेत्र में चिंता का माहौल है।
-1760160305552.webp)
रूसी सेना में फंसा मोगा का युवक, परिवार चिंतित।
राज कुमार राजू, मोगा। परिवार की गरीबी दूर करने गए गांव चक्ककनियांकलां के युवक को रूस की सेना में जबरन भेज दिया गया। वहां हमले में वह घायल हो गया। उसे रूस के अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। युवक का परिवार चिंता में है और उसने विदेश मंत्रालय से युवक की वतन वापसी की अपील की है।
विधानसभा हलका धर्मकोट में पड़ते गांव चक्ककनियांकलां के युवक का नाम बूटा सिंह है। उसकी बहन ने भाई से वीडियोकॉल करके बात की और हालात जानने के बाद उसे वापस लाने की गुहार लगाई है।
बूटा सिंह के परिवार से पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के जिला प्रधान काका सुखजीत सिंह लोहगढ़ ने मुलाकात करके सहयोग करने का भरोसा दिया है। बूटा सिंह की बहन कर्मजीत कौर ने बताया कि वह दो बहनें हैं। उनका इकलौता भाई घर के हालात ठीक करने के लिए 24 अक्टूबर 2024 को रूस गया था।
उन्होंने वहां आठ महीने बढ़िया काम किया। फिर कामकाज न मिलने पर एक महिला से तालमेल किया। उस महिला ने बंकर बनाने व सामान ढोने का काम दिलाने की बात कही। वहां से उसके भाई को जबरन रूसी सेना में भेज दिया गया। वहां वह घायल हो गया। उसकी हालत गंभीर है। उसकी एक सर्जरी हो गई है और दूसरी होनी है।
15 युवक गए थे, 14 गायब
कर्मजीत कौर ने बताया कि वह खुद दिल्ली गई थी। वहां विदेश मंत्रालय ने उनको सहयोग करने का पूरा भरोसा दिया है। कर्मजीत कौर ने बताया कि उसके भाई की हालत ज्यादा खराब है। हालांकि वह उनको दिलासा दे रहा है कि वह ठीक है। कर्मजीत ने बताया कि 15 युवक रूस गए थे जिनमें से 14 अभी गायब हैं।
पिता बोले-परिवार सदमे में
बूटा सिंह के पिता राम सिंह ने रोते हुए कहा कि परिवार की गरीबी दूर करने के लिए उन्होंने बेटे को विदेश भेजा था। अब बेटे के साथ ऐसी घटना होने से परिवार सदमे में है। कुछ दिन पहले बूटा सिंह ने उनसे बात की थी और कुछ पैसे भी घर भेजे थे। उन्होंने बताया कि उनके दो बेटियां हैं व एक ही बेटा है। बुढापे में पूरा परिवार चिंता में है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।