Punjab News: पुलिस ने बंद करवाया तरनतारन में भाजपा का कैंप, जमकर हुई नारेबाजी
तरनतारन में मोदी सरकार आपके द्वार अभियान के तहत भाजपा द्वारा गांव गंडीविंड में लगाए गए कैंप को पुलिस ने अनुमति न होने के कारण बंद करवा दिया। भाजपा जिला अध्यक्ष हरजीत सिंह संधू ने आप सरकार पर भाजपा के जनाधार से घबराने का आरोप लगाया। कैंप में लगभग 67 लोगों ने आवेदन भरे थे जबकि 240 लोगों ने आवेदन भरने की तैयारी कर रखी थी।

जागरण संवाददाता, तरनतारन। मोदी सरकार, आपके द्वार अभियान के तहत भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से गांव गंडीविंड में कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में जब लोग पहुंचने लगे तो थाना सराय अमानत खां के प्रभारी अमरीक सिंह वहीं पहुंचे।
उन्होंने यह कहते कैंप बंद करवाया कि प्रशासन से किसी प्रकार की कोई अनुमति नहीं ली गई। पार्टी के जिला अध्यक्ष व प्रत्याशी हरजीत सिंह संधू ने नारेबाजी करते कहा कि भाजपा का जनाधार आप से बर्दाश्त नहीं हो रहा। इसलिए आमजन को मोदी सरकार की सुविधाओं से दूर किया जा रहा है।
कैंप दौरान 240 के करीब लोगों ने आवेदन भरने की तैयारी कर रखी थी। अभी 67 लोगों ने दस्तावेजों के आधार पर आवेदन फार्म भरे थे कि थाना सराय अमानत खां के प्रभारी अमरीक सिंह ने कैंप बंद करवा दिया।
बाद में डीएसपी (एच) कमलजीत सिंह औलख भी पहुंचे। भाजपा नेताओं ने पुलिस के रवैये का विरोध करते खुद को गिरफ्तारी के लिए पेश किया, लेकिन पुलिस वापस लौट गई। पूर्व विधायक ठेकेदार हरजिंदर सिंह ने कहा कि भाजपा का जनाधार देखकर भगवंत मान सरकार घबरा चुकी है। पुलिस बल के प्रयोग से आमजन को भाजपा से दूर करने का प्रयास सफल नहीं होगा।
इस मौके हरप्रीत सिंह सिंदबाद, सुरजीत सागर, शिव सोनी, दलबीर सिंह अलगो कोठी, राणा गुलबीर सिंह, रितेश चोपड़ा, नेत्रपाल सिंह, हरमनदीप सिंह कल्ला, बिक्रम अरोड़ा, दिनेश जोशी, अमन अरोड़ा, निशान सिंह, चरनजीत कौर, गौरव देवगन, रोहित शर्मा, बलदेव सिंह मंड, कश्मीर कौर मान, सुखदेव सिंह, रंजीत सिंह राणा, गुरप्रीत सिंह छिछरेवाल, कनवरदीप सिंह पंडोरी मौजूद थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।