Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सिरी एआई अब सिर्फ वॉयस असिस्टेंट नहीं, पुराने से कितनी है अलग जानें सबकुछ

    By Santosh AnandEdited By: Subhash Gariya
    Updated: Wed, 17 Jun 2026 02:58 PM (IST)

    एप्पल की नई सिरी एआई अब सिर्फ वॉयस असिस्टेंट नहीं, बल्कि एक स्मार्ट एआई साथी है जो आपकी बातों को गहराई से समझती है। यह एप्पल इंटेलिजेंस पर आधारित है औ ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. सिरी एआई एप्पल इंटेलिजेंस पर आधारित नया स्मार्ट वॉयस असिस्टेंट।

    2. ऑन-डिवाइस और प्राइवेट क्लाउड कंप्यूटिंग से सुरक्षित कार्यक्षमता।

    3. पर्सनल कॉन्टेक्स्ट, ऑन-स्क्रीन अवेयरनेस, ऐप एक्शन मुख्य फीचर्स।

    टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। एप्पल की नई सिरी एआई अब सिर्फ एक वॉयस असिस्टेंट नहीं है, बल्कि स्मार्ट एआई साथी है। यह आपकी बातों को गहराई से समझ सकती है, लगातार बातचीत का संदर्भ बनाए रख सकती है और आपके आइफोन पर कई काम खुद कर सकती है। अब सिरी सिर्फ अलार्म लगाने या कॉल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि आपके मैसेज, ईमेल, फोटो और एप्स की मदद से ज्यादा समझदारी से जवाब दे सकती है। एप्पल का कहना है कि नई सिरी एआई को पूरी तरह नए सिस्टम पर बनाया गया है, जो एप्पल इंटेलिजेंस का मुख्य हिस्सा है।

    सिरी एआई क्या है?

    सिरी एआई एप्पल का नया जनरेटिव एआई आधारित वायस असिस्टेंट है। 2011 में लांच हुआ पारंपरिक सिरी एक समय में केवल एक कमांड को समझ पाता था, लेकिन नया सिरी एआई लगातार बातचीत कर सकता है, पिछले सवालों को याद रख सकता है और एक ही समय में कई कमांड्स को प्रोसेस कर सकता है। कंपनी के अनुसार, सिरी एआई चार मुख्य क्षमताओं पर काम करता है- पर्सनल कांटेक्स्ट, वर्ल्ड नालेज, ऑन-स्क्रीन अवेयरनेस और एप एक्शन। इन सभी के तालमेल से यह एक ऐसा डिजिटल असिस्टेंट बन जाता है, जो केवल जानकारी देने के बजाय वास्तविक काम भी पूरा कर सकता है।

    नए एआई आर्किटेक्चर पर आधारित

    नई सिरी एआई को एप्पल ने अपने नए आर्किटेक्चर एप्पल इंटेलिजेंस की बुनियाद पर खड़ा किया है। इसके काम करने का तरीका बेहद अनोखा और सुरक्षित है। सिरी एआई के केंद्र में एप्पल के एडवांस फाउंडेशन माडल्स हैं, जो दो स्तरों पर काम करते हैं:

    • ऑन-डिवाइस प्रोसेसिंग: छोटे और डेली टास्क से जुड़े सामान्य कार्य (जैसे नोट्स बनाना, मैसेज पढ़ना) सीधे आपके आइफोन की चिप पर प्रोसेस होते हैं। इसके लिए इंटरनेट की भी जरूरत नहीं होती है।
    • प्राइवेट क्लाउड कंप्यूट: जब आप सिरी से कोई जटिल या भारी काम करने को कहते हैं, तो एप्पल का सिस्टम आर्केस्ट्रेटर इसे एक सुरक्षित सर्वर पर भेजता है। एप्पल का दावा है कि क्लाउड पर जाने के बाद भी यूजर का डेटा पूरी तरह सुरक्षित रहता है और उसे सर्वर पर कभी स्टोर नहीं किया जाता है।

    यह आर्किटेक्चर सिरी को स्पॉटलाइट इंडेक्स और ऑन-डिवाइस एप टूलबाक्स से जोड़ता है, जिससे यह आपके फोन की हर चीज से वाकिफ हो जाती है।

    खबरें और भी

    डायनेमिक आइलैंड का जादू

    नई सिरी एआई केवल दिमाग से ही नहीं, बल्कि दिखने में भी बेहद आधुनिक हो गई है। एप्पल ने इसके विजुअल इंटरफेस को पूरी तरह बदल दिया है। अब जब आप सिरी को एक्टिव करेंगे, तो पुरानी आइओएस वाली पुरानी चमकदार बॉर्डर लाइंस दिखाई नहीं देंगी। इसके बजाय, अब डायनेमिक आइलैंड से एक खूबसूरत और इंटरैक्टिव एनिमेशन निकलकर पूरी स्क्रीन के किनारों पर फैल जाता है। यूजर्स की सुविधा के लिए अब सिरी एआई का एक अलग एप भी दिया गया है। यहां आप अपनी पुरानी चैट हिस्ट्री देख सकते हैं और किसी चैट को वहीं से आगे बढ़ा सकते हैं, ठीक वैसे ही जैसे आप चैटजीपीटी या जेमिनी में करते हैं। इसके अलावा, स्पॉटलाइट सर्च बार में भी सिरी एआई को जोड़ दिया गया है, ताकि आप टाइप करके भी तुरंत जवाब पा सकें।

    सिरी एआई के नए फीचर्स

    एप्पल ने इस नए एआई असिस्टेंट को चार मुख्य पिलर्स पर तैयार किया है, जो इसे बाजार में मौजूद अन्य एआई टूल्स से अलग बनाते हैं:

    • पर्सनल कांटेक्स्ट : यह सिरी एआई का सबसे जादुई फीचर है। इसे आपके ईमेल, मैसेज, कैलेंडर, फोटो और फाइल्स की गहरी समझ होती है। उदाहरण के लिए यदि आप सिरी से पूछें कि मेरे दोस्त ने पिछले हफ्ते किस रेस्टोरेंट का नाम सुझाया था? तो सिरी आपके मैसेज और ईमेल को स्कैन करके उस रेस्टोरेंट का नाम, उसका एड्रेस और आपके दोस्त का मैसेज कार्ड स्क्रीन पर ला देगी। आप उस कार्ड पर टैप करके सीधे बातचीत में हिस्सा ले सकते हैं।
    • वर्ल्ड नॉलेज: सिरी अब सिर्फ आपके फोन के डेटा तक सीमित नहीं है। इसके पास इंटरनेट का लाइव एक्सेस है। जब आप इससे दुनिया भर के किसी भी विषय पर सवाल पूछते हैं, तो यह सटीक जवाब देती है और साथ ही आथेंटिक सोर्स भी दिखाती है।
    • ऑन-स्क्रीन अवेयरनेस: आपकी स्क्रीन पर इस समय क्या चल रहा है, सिरी एआई उसे लाइव देख और समझ सकती है। मान लीजिए आप इंस्टाग्राम पर किसी खूबसूरत जगह की फोटो देख रहे हैं, आप बस डायनेमिक आइलैंड से नीचे स्वाइप करके पूछ सकते हैं कि यह कौन-सी जगह है? सिरी तुरंत उस इमेज को पहचानकर आपको बता देगी। यह ब्राउजर में लंबे आर्टिकल्स को बस कुछ सेकंड में समराइज (छोटा) भी कर सकती है।
    • एप एक्शंस: अब सिरी केवल एप को ओपन नहीं करेगी, बल्कि एप के अंदर जाकर काम भी करेगी। एप्पल के डेमो में देखा गया कि सिरी एआई से जब एक साथ कई काम करने को कहा गया (जैसे- मौसम चेक करो और इसे राहुल को भेज दो), तो सिरी ने लाइव मौसम देखा, मैसेज ड्राफ्ट किया और भेजने के लिए तैयार हो गई। यह ईमेल लिखना, फोटो एडिट करके शेयर करना जैसे मल्टी-स्टेप टास्क आसानी से कर सकती है।

    आवाज का नया अंदाज

    पुरानी सिरी की सबसे बड़ी कमी उसकी रोबोटिक और बेजान आवाज थी, लेकिन सिरी एआई के साथ ऐसा नहीं है। अब सिरी की आवाज में भावनाओं का पुट दिखाई देता है। यह बात करते समय सांस लेने के ठहराव और लहजे को इंसानों की तरह बदलती है। यूजर इसकी बोलने की गति को भी कंट्रोल कर सकते हैं। साथ ही, जब आप बोलकर कुछ टाइप करवाएंगे, तो सिरी एआई अपने आप सही जगह पर फुल स्टॉप, कॉमा और कैपिटल लेटर्स लगा देगी।

    विजुअल इंटेलिजेंस और राइट विद सिरी

    क्रिएटिव यूजर्स के लिए एप्पल ने दो कमाल के फीचर्स जोड़े हैं:

    • कैमरा मोड और विजुअल इंटेलिजेंस: कैमरा एप में अब एक स्पेशल सिरी मोड मिलता है। आप किसी भी चीज, जैसे-किसी अनजान पौधे, किसी ऐतिहासिक इमारत या किसी होटल के बिल की फोटो खींचकर सिरी से उसके बारे में पूछ सकते हैं। साथ ही, सिरी खाने की चीजों की न्यूट्रिशन वैल्यू बता सकती है और दोस्तों के बीच बिल को बराबर हिस्सों में बांटने में भी मदद कर सकती है।
    • राइट विद सिरी: यदि आपको ईमेल या मैसेज लिखने में परेशानी होती है, तो सिरी आपकी मदद करेगी। आप बस उसे गाइडलाइन दें और वह आपके स्टाइल में प्रोफेशनल या कैजुअल ईमेल तैयार कर देगी। यह आपके लिखे हुए पैराग्राफ की प्रूफरीडिंग भी कर सकती है।

    सिरी एआई का उपयोग कैसे करें?

    अगर आपके पास आइफोन 15 प्रो या उससे नया माडल है और आपने आइओएस 27 डेवलपर बीटा इंस्टाल कर लिया है, तो अब आप एप्पल की नई सिरी एआई का उपयोग करना शुरू कर सकते हैं। आइफोन पर सिरी एआई को एक्टिवेट करने के तीन आसान तरीके हैं:

    • आप हे सिरी बोलकर इसे एक्टिवेट कर सकते हैं।
    • साइड बटन को दबाकर रखें, सिरी एआई एक्टिवेट हो जाएगा।
    • डायनेमिक आइलैंड से नीचे की तरफ स्वाइप करें, जिससे सिरी एआई का टाइपिंग इंटरफेस खुल जाता है।
    • अब आप टेक्स्ट या आवाज दोनों तरीकों से सिरी एआई से बात कर सकते हैं।

    उपलब्धता और लांच

    अच्छी बात यह है कि सिरी एआई का उपयोग मुफ्त होगा। हालांकि इमेज जनरेशन जैसे कुछ बड़े एआई फीचर्स पर रोजाना उपयोग की सीमा हो सकती है, जिसे आइक्लाउड प्लस सब्सक्रिप्शन लेकर बढ़ाया जा सकेगा। शुरुआत में सिरी एआई अंग्रेजी भाषा में बीटा वर्जन के रूप में उपलब्ध होगी। इसका फाइनल स्टेबल वर्जन सितंबर 2026 के आसपास आने की उम्मीद है।

    एप्पल ने सिरी एआई को अपनी अब तक की सबसे बड़ी एआई पहल बताया है। यदि कंपनी अपने सभी वादों को पूरा कर पाती है, तो यह न केवल पुरानी सिरी की छवि बदल सकता है, बल्कि चैटजीपीटी और जेमिनी जैसे लोकप्रिय एआई असिस्टेंट्स को भी कड़ी टक्कर दे सकता है।

    यह भी पढ़ें- Apple ने लॉन्च किया Siri का नया AI वर्जन, चाइल्ड सेफ्टी को लेकर भी की बड़ी घोषणा