Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    स्मार्टवॉच से लेकर एआई तक: हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी फिट रहने का स्मार्ट तरीका

    Updated: Wed, 17 Jun 2026 02:41 PM (IST)

    स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से बचने और जीवनशैली सुधारने में हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, जिससे लोग अपनी सेहत की निगरानी कर सकते ह ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. स्मार्टवॉच और फिटनेस बैंड स्वास्थ्य निगरानी में सहायक।

    2. टेलीमेडिसिन और एआई व्यक्तिगत स्वास्थ्य प्रबंधन को आसान बनाते हैं।

    3. तकनीक सहायक है, लेकिन विशेषज्ञ परामर्श का विकल्प नहीं।

    ब्रह्मानंद मिश्र, नई दिल्ली। आमतौर पर जब कोई स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या महसूस होती है, तभी लोग डॉक्टर का रुख करते हैं। कई बार तो नजरअंदाज और बर्दाश्त करते रहने के कारण मुसीबत बहुत बड़ी हो जाती है। अगर ऐसी किसी भी परेशानी से बचना है तो एक बेहतर उपाय है- हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी। बदलते समय के साथ तकनीक अचानक आने वाली समस्याओं से बचाने में सहायक हो रही है। हार्ट अटैक को घंटों पहले भांप लेने की स्मार्टवाच की खूबियों के चलते अनेक जानें बचाई जा सकी हैं। तकनीक न केवल सेहत को लेकर दुनियाभर में करोड़ों लोगों को सतर्क कर रही है, बल्कि सही दिनचर्या, फिटनेस और सही आहार को लेकर भी लोगों को प्रेरित कर रही है। बायोसेंसर वाले गैजेट्स आज लोगों को बेहतर ढंग से जीवन जीने की राह दिखा रहे हैं।

    ब्रेकफास्ट से पहले हार्ट रेट जांचना हो या रात में नींद कैसी रही या दिनभर में आप कितने कदम चले और कितनी कैलोरी बर्न हुई, ये सभी जानकारियां आप बहुत ही आसानी से पता कर सकते हैं। यहां तक कि डॉक्टर से परामर्श के लिए आपको घर से बाहर निकलने की भी जरूरत नहीं है। वर्चुअल कंसल्टेशन की सुविधा ने इसे बहुत आसान बना दिया है।

    जीवन की गुणवत्ता सुधारने में सहायक

    मॉनिटरिंग डिवाइसेज और लगातार इनोवेशन के चलते सेहत पर हर समय नजर रखने, किसी समस्या के पूर्व अनुमान और संतुलित दिनचर्या बनाए रखने में अभूतपूर्व मदद मिल रही है। पर्सनलाइज्ड हेल्थ डेटा सही न्यूट्रिशन और लाइफस्टाइल के लिए प्रेरित करते हैं, खासकर जिन्हें पहले से डायबिटीज या हाइ ब्लडप्रेशर जैसी क्रोनिक समस्या है, उनके लिए यह किसी वरदान से कम नहीं है। स्मार्टवॉच, फिटनेस बैंड्स से लेकर टेलीमेडिसिन प्लेटफॉर्म और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पावर्ड हेल्थ एप तक तमाम डिजिटल टूल्स खुद से हेल्थ मैनेज करने की सहूलियत दे रहे हैं। हालांकि, विशेषज्ञ आगाह भी करते हैं कि तकनीक एक सहायक माध्यम भर है न कि स्वास्थ्य पेशेवर का विकल्प। इसलिए इसके प्रयोग में कुछ सतर्कता भी जरूरी है।  

    पावरफुल होते हेल्थ असिस्टेंट

    कंज्यूमर टेक ने स्वास्थ्य को लेकर जागरूकता बढ़ाई है। डिवाइसेज अब लाइफस्टाइल एसेसरीज नहीं हैं, बल्कि पर्सनल हेल्थ असिस्टेंट के तौर पर काम कर रही हैं। मॉडर्न स्मार्टवाच हार्ट रेट, कैलोरी खपत, रक्त आक्सीजन निगरानी, तनाव मापने, हार्ट रिदम में बदलाव और नींद की क्वालिटी पर नजर रखने में मदद करती है। इसी तरह फिटनेस बैंड्स आपको डेली एक्टिविटी की रिपोर्ट देते हैं, ताकि फिटनेस के लिए आप जरूरी बदलाव करते रहें।

    खबरें और भी

    कैसे मिल रहा है लाभ

    अगर आप डेस्क पर बैठे रहकर घंटों काम करते हैं, तो शरीर में अकड़न और सेहत से जुड़ी अन्य समस्याएं आ सकती हैं। स्मार्टवॉच आपको बीच-बीच में थोड़ा टहलने के लिए नोटिफिकेशन भेजती है। इस तरह के छोटे-छोटे उपायों से भी कार्डियोवैस्कुलर सेहत सही रखी जा सकती है। इसी तरह दौड़ने या साइकिल चलाने के दौरान आप वियरेबल्स के जरिये परफॉर्मेंस, रिकवरी, हाइड्रेशन की जरूरत और इंटेंसिटी पर नजर रख सकते हैं। इससे आपकी फिटनेस रूटीन बेहतर होगी और ओवर ट्रेनिंग के खतरे भी बचे रहेंगे।

    वर्चुअल कंसल्टेंशन से बढ़ती सहजता

    स्वास्थ्य देखभाल की व्यवस्था अब अस्पताल की चहारदीवारी तक सीमित नहीं रही। तकनीक अब टेलीमेडिसिन और वर्चुअल कंसल्टेंशन के जरिये दूरदराज इलाकों में रहने वालों के लिए भी सहजता पैदा कर रही है। घंटों यात्रा कर हॉस्पिटल तक जाने और लाइन में खड़े रहने के बजाय आप फिजिशियन से वीडियो कॉल पर परामर्श कर सकते हैं।

    Samsung Watch अपग्रेड! एडवांस्ड हेल्थ ट्रैकिंग फीचर्स के साथ नींद, हार्ट  रेट और रनिंग पर रख सकेंगे पारखी नजर

    क्रोनिक हेल्थ मैनेजमेंट

    • डायबिटीज प्रभावित लोग ग्लूकोज मानिटरिंग सिस्टम के जरिये दिनभर अपने ब्लड शुगर पर नजर रख सकते हैं।
    • स्मार्ट ब्लड प्रेशर मानिटर को स्मार्टफोन एप से कनेक्ट कर हाइपरटेंशन का बेहतर ढंग से मैनेजमेंट किया जा सकता है।
    • फाल डिटेक्शन डिवाइसेज बुजुर्गों की गिरने की चिंताओं से बचाती हैं। इससे इमरजेंसी की स्थिति में स्वजन को नोटिफिकेशन मिल जाता है।

    एआई ने बढ़ाया पर्सनलाइजेशन

    आजकल कई हेल्थ एप्स व्यवहार के पैटर्न को समझने और पर्सनलाइज्ड सुझाव देने के लिए एआई का इस्तेमाल करते हैं। फिटनेस एप हाल की एक्टिविटी के आधार पर एक्सरसाइज में बदलाव कर सकता है। हेल्थकेयर कंपनियां एआई असिस्टेड सिस्टम के जरिये मेडिकल इमेजेज का विश्लेषण करने, बीमारियों का अनुमान लगाने, क्लीनिकल निर्णय में मदद ले रही हैं। एआई पावर्ड टूल्स सटीकता में सुधार करते हैं।

    तकनीक के प्रयोग का बेहतर तरीका

    विशेषज्ञों की मानें तो सभी हेल्थ मीट्रिक को ट्रैक करने के बजाय कुछ खास बातों का ध्यान रखना चाहिए।

      • वियरेबल्स के डेटा पैटर्न को देखें : हार्ट रेट, स्लीप स्कोर या कैलोरी में होने वाले दैनिक बदलावों पर चिंतित होने के बजाय डेटा में लांग टर्म पैटर्न को देखना चाहिए। जैसे हफ्तों तक औसत नींद में गिरावट आ रही है, तो डाक्टर से मिलना चाहिए।
      • सेहत की अच्छी आदतों का विकास: तकनीक का लाभ तभी है जब आप इससे स्वस्थ आदतों का विकास करें। जैसे मेडिकेशन रिमाइंडर, हाइड्रेशन अलर्ट, अप्वाइंटमेंट नोटिफिकेशन, डेली स्टेप गोल, गाइडेड वर्कआउट शेड्यूल आदि।
      • सही डेटा पर नजर रखें : अगर वजन कम करने का लक्ष्य बनाते हैं तो एक्टिविटी लेवल, कैलोरी इनटेक और वजन में उतार चढ़ाव पर रखना चाहिए। इसी तरह फिटनेस के लिए व्यायाम की अवधि, हार्ट रेट जोन और रिकवरी डेटा पर नजर रखें। नींद में सुधार के लिए सोने के नियत समय, नींद के घंटों पर ध्यान रखें। क्रोनिक बीमारियों में ब्लड प्रेशर, ग्लूकोज लेवल या दवाओं के प्रयोग पर नजर रखना होता है।
      • प्रिवेंटिव केयर के रूप में प्रयोग: डिजिटल कैलेंडर और हेल्थ एप के जरिये साल में एक या दो बार सेहत की जांच शेड्यूल करने, वैक्सीन, दांतों के चेकअप, आंखों की जांच आदि को भी शेडयूल कर सकते हैं।
      • मानसिक सेहत का खयाल : तकनीक सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य तक ही सीमित नहीं है। मेडिटेशन एप्स, ब्रीदिंग एक्सरसाइज, डिजिटल जर्नल, आनलाइन थेरेपी सर्विसेज और स्ट्रेस मैनेजमेंट टूल्स तनाव को मैनेज करने और भावनात्मक सेहत के लिए उपयोगी साबित हो रहे हैं।

    तकनीक के साथ सतर्कता भी जरूरी

    तमाम सुविधाओं के साथ हेल्थ टेक की कुछ सीमाएं भी हैं, जिन्हें लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।

    • डेटा ही सब कुछ नहीं : कंज्यूमर डिवाइसेज केवल एस्टीमेट देती हैं, इसका प्रयोग बीमारियों के उपचार के लिए नहीं किया जा सकता है। उदाहरण के तौर पर स्मार्टवाच हार्ट की अनियमित धड़कन के बारे में बता तो सकती है, पर इसकी गंभीरता हेल्थ प्रोफेशनल ही तय कर सकते हैं।
    • अनावश्यक जानकारियां : अत्यधिक हेल्थ डेटा अनावश्यक तनाव दे सकता है। जैसे बार बार स्लीप स्कोर चेक करने से आप नींद को लेकर अनावश्यक चिंता पाल सकते हैं। इससे नींद में गुणवत्ता में सुधार नहीं होगा।
    • गलत जानकारी का रिस्क : इंटरनेट मीडिया पर ट्रेंडिंग डाइट, चमत्कारी सप्लीमेंट और वेलनेस सोल्यूशंस के नाम पर सुझाव देने वालों की भरमार पर है, पर वे वैज्ञानिक ही हों, यह जरूरी नहीं। हमेशा पेशेवर की बातों को ही मानें।
    • निजता की चिंताएं : हेल्थ एप और गैजेट्स में बहुत सारी संवेदनशील जानकारियां साझा होती हैं, खासकर मेडिकल रिकार्ड, लोकेशन आदि। डेटा में सेंध बड़ी मुसीबत पैदा कर सकती है। हमेशा डिवाइस की प्राइवेसी सेटिंग और एप की परमिशन को लेकर सतर्क रहना चाहिए।
    • स्क्रीन की लत : स्क्रीन की आदतों से छुटकारा पाना इस समय दुनियाभर में विमर्श के केंद्र में है। स्क्रीन पर सक्रिय रहने से आंखों में जलन, शरीर में दर्द, शारीरिक निष्क्रियता, नींद में व्यवधान जैसी समस्याएं आ रही हैं। इसका सीमित और समझदारी भरा प्रयोग होना चाहिए।

    इन बातों का हमेशा रहे ध्यान

    • हेल्थ डेटा साझा करने से पहले प्राइवेसी पालिसी के बारे में जानना चाहिए।
    • हेल्थ एप और डिवाइस हमेशा प्रतिष्ठित कंपनी का ही होना चाहिए।
    • मजबूत पासवर्ड और टू-फैक्टर आथेंटिकेशन को एनेबल करना चाहिए।
    • ऑनलाइन जानकारियों का हेल्थकेयर प्रोफेशनल के साथ वेरिफाइ करना चाहिए।
    • खुद से उपचार करने की भूल नहीं करनी चाहिए।
    • मेडिकल में तकनीक उपयोगी है, पर विकल्प नहीं।
    • डिजिटल डेटा के बजाय व्यायाम, नींद, न्यूट्रिशन पर फोकस रखना चाहिए।

    यह भी पढ़ें- स्मार्टवॉच से सेहत की निगरानी बन रही चिंता का कारण, क्या है वियरेबल्स यूज करने का सही तरीका?