फ्रिज के पीछे लगी जाली की सफाई कितनी बार करनी चाहिए? नोट कर लें सही तरीका और फायदे
सिंगल डोर फ्रिज के पीछे की कंडेंसर कॉइल की नियमित सफाई बेहतर कूलिंग और कम बिजली खपत के लिए महत्वपूर्ण है। ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। आज हर घर में फ्रिज उन उपकरणों में से एक बन गया है जिनका यूज रोजाना होता है। हालांकि, काफी लोग इसकी सफाई सिर्फ अंदर से करते हैं और पीछे की तरफ लगी जाली पर ध्यान तक नहीं देते। डबल डोर में तो नहीं, लेकिन सिंगल डोर फ्रिज में पीछे की तरफ कंडेंसर कॉइल यानी जाली लगी होती है जो फ्रिज की कूलिंग सिस्टम का अहम हिस्सा मानी जाती है।
इसकी टाइम पर सफाई न होने से फ्रिज की परफॉर्मेंस खराब हो सकती है और इसके कारण बिजली की खपत भी बढ़ सकती है। चलिए जानते हैं कि कितने समय के बाद इसकी सफाई करनी चाहिए?
फ्रिज के पीछे लगी जाली की सफाई कितनी बार करें?
एक्सपर्ट्स का कहना है कि सिंगल डोर फ्रिज के पीछे लगी इस जाली की सफाई हर 3 से 6 महीने में एक बार जरूर करनी चाहिए। वहीं, अगर आपके घर में पालतू जानवर हैं या आसपास धूल ज्यादा रहती है, तो इसे हर 2 से 3 महीने में जरूर साफ कर लेना चाहिए। जाली की रेगुलर सफाई से इसकी कूलिंग बेहतर बनी रहती है और बिजली की खपत भी कम हो सकती है।
सफाई के वक्त इन बातों का रखें ध्यान
हालांकि इस जाली को साफ करते टाइम कुछ बातों का ध्यान रखना जरूरी है। सफाई से पहले फ्रिज का प्लग निकाल दें। साथ ही सफाई के वक्त फ्रिज को दीवार से थोड़ा आगे खिसका लेना चाहिए। इसके बाद सॉफ्ट ब्रश, सूखे कपड़े या वैक्यूम क्लीनर की मदद से जाली पर जमी धूल को अच्छे से साफ कर लेना चाहिए। सफाई के दौरान पानी का यूज करने से बचें।
जाली साफ न करने के क्या नुकसान?
वहीं, अगर फ्रिज की इस जाली को लंबे टाइम तक साफ न किया जाए तो फ्रिज को ठंडा करने के लिए कंप्रेसर को ज्यादा मेहनत करनी पड़ सकती है। इसकी वजह से बिजली का बिल बढ़ सकता है। साथ ही कूलिंग भी कम हो सकती है। वहीं, लंबे समय में इसके कारण फ्रिज के पार्ट्स पर भी असर पड़ सकता है। ऐसे में सिंगल डोर फ्रिज यूज करने वाले यूजर्स इसका खास ध्यान रखें।