अमेरिका की कोको गफ पहली बार विंबलडन के सेमीफाइनल में पहुंचीं, हमवतन पेगुला को किया पराजित
विंबलडन में अमेरिकी टेनिस स्टार कोको गफ का स्वर्णिम सफर मंगलवार को भी जारी रहा। ...और पढ़ें
-1783444116836_m.webp)
कोको गफ
लंदन, रायटर। विंबलडन में अमेरिकी टेनिस स्टार कोको गफ का स्वर्णिम सफर मंगलवार को भी जारी रहा। सातवीं वरीयता प्राप्त गफ ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में शानदार वापसी करते हुए अपनी हमवतन और चौथी वरीयता प्राप्त जेसिका पेगुला को 4-6, 6-3, 6-3 से हराकर पहली बार विंबलडन महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। सेंटर कोर्ट पर खेले गए इस मुकाबले में गफ ने एक सेट से पिछड़ने के बावजूद दमदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।
दो बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन गफ की शुरुआत अच्छी नहीं रही। पेगुला ने पहले ही गेम में उनकी सर्विस तोड़ दी और पूरे पहले सेट में दबदबा बनाए रखते हुए 6-4 से बढ़त हासिल कर ली। दूसरे सेट में गफ ने शानदार वापसी की। शुरुआती गेम में दो ब्रेक प्वाइंट बचाने के बाद उन्होंने अपनी लय हासिल की और अनफोर्स्ड एरर की संख्या भी काफी कम कर दी।
आठवें गेम में उन्होंने पेगुला की सर्विस तोड़कर 5-3 की बढ़त बनाई और फिर अपनी सर्विस बरकरार रखते हुए मुकाबले को निर्णायक सेट तक पहुंचा दिया। तीसरे सेट में गफ ने पहली बार मैच में बढ़त बनाई, जब उन्होंने पेगुला की सर्विस तोड़कर 2-1 की बढ़त हासिल की।
हालांकि पेगुला ने वापसी करते हुए स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया, लेकिन गफ ने तुरंत अगला गेम ब्रेक कर फिर बढ़त बना ली। इसके बाद उन्होंने अपनी सर्विस बचाई और पहले ही मैच प्वाइंट पर जीत दर्ज कर इतिहास रच दिया। इस जीत के साथ गफ पहली बार विंबलडन के सेमीफाइनल में पहुंची हैं। साथ ही महिला सिंगल्स ड्रा में अब वह सबसे ऊंची वरीयता प्राप्त खिलाड़ी भी बन गई हैं।
खबरें और भी
जीत के बाद गफ ने कहा कि यह मेरे लिए अविश्वसनीय पल है। इस टूर्नामेंट से पहले मैं दो साल तक घास के कोर्ट पर एक भी मैच नहीं जीत पाई थी। ऐसे में यहां सेमीफाइनल में पहुंचना मेरे लिए बहुत खास है। आज मैंने जिस तरह खेला, मैं उससे बेहद खुश हूं।
फेरी ने रचा इतिहास
इससे पहले, सोमवार रात ब्रिटेन के आर्थर फेरी ने विश्व रैंकिंग में शीर्ष पांच में शामिल रहे ग्रिगोर दिमित्रोव को पांच सेटों के रोमांचक मुकाबले में 7-5, 3-6, 4-6, 6-4, 7-6 (9-7) से हराकर पेशेवर दौर (1968 के बाद) में ग्रैंडस्लैम क्वार्टर फाइनल में पहुंचने वाले पहले ब्रिटिश वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी बनने का गौरव हासिल किया।
बचपन में आल इंग्लैंड क्लब से केवल पांच मिनट की दूरी पर रहने वाले फेरी कभी सेंटर कोर्ट पर रोजर फेडरर को देखने आते थे। इस बार फेडरर खुद रायल बाक्स में बैठकर उनका मैच देख रहे थे। फेरी ने कहा, सर्वकालिक महान खिलाड़ियों में से एक फेडरर सामने बैठकर मेरा मैच देख रहे थे।
ऐसे माहौल में जीत हासिल करना मेरे लिए अविश्वसनीय अनुभव है। अब क्वार्टर फाइनल में फेरी का मुकाबला कोबोली से होगा। इस साल आस्ट्रेलियन ओपन के पहले दौर में फेरी ने कोबोली को सीधे सेटों में हराया था।