Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    French Open 2026: 39 की उम्र में 22 साल के युवा पर भारी पड़े नोवाक जोकोविक, इगा स्वियातेक ने भी हासिल की जीत

    Updated: Mon, 25 May 2026 07:38 PM (IST)

    फ्रेंच ओपन के पहले दौर में नोवाक जोकोविक ने युवा प्रतिद्वंद्वी को चार सेटों में हराकर अपनी फिटनेस और अनुभव का प्रदर्शन किया। महिला सिंगल्स में इगा स्व ...और पढ़ें

    preferred source google
    News Article Hero Image

    स्वियातेक और जोकोविक ने जीते मैच

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    एपी, पेरिस: उम्र भले ही 39 साल हो चुकी हो, लेकिन नोवाक जोकोविक अब भी विरोधियों को शारीरिक और मानसिक रूप से थकाने की क्षमता रखते हैं। फ्रेंच ओपन के पहले दौर में उन्होंने घरेलू खिलाड़ी और 22 वर्षीय जियोवानी म्पेत्शी पेरीकार्ड को चार सेटों में 5-7, 7-5, 6-1, 6-4 से हराकर शानदार वापसी की।

    करीब तीन घंटे चले मुकाबले में जोकोविक को शुरुआत में फ्रांसीसी दर्शकों के भारी समर्थन का सामना करना पड़ा। पेरीकार्ड की ताकतवर सर्विस और आक्रामक खेल ने पहले सेट में सर्बियाई स्टार को दबाव में डाल दिया। फ्रेंच खिलाड़ी ने 223 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से ऐस भी लगाया और दर्शक लगातार उनके समर्थन में नारे लगाते रहे।

    जोकोविक ने नहीं खोया धैर्य

    हालांकि, अनुभवी जोकोविक ने धैर्य नहीं खोया। दूसरे सेट में 10वें ब्रेक प्वाइंट पर सफलता मिलने के बाद उन्होंने मैच की दिशा बदल दी। इसके बाद उनकी फिटनेस और अनुभव युवा प्रतिद्वंद्वी पर भारी पड़े। तीसरे और चौथे सेट में जोकोविक पूरी तरह हावी दिखे और आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लिया। मैच के बाद जोकोविक ने कहा कि रोलां गैरो में किसी फ्रांसीसी खिलाड़ी के विरुद्ध खेलना हमेशा मुश्किल होता है क्योंकि दर्शकों का दबाव लगातार बना रहता है।

    उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि 39 साल की उम्र में तीन घंटे का मैच खेलना डॉक्टर की सलाह जैसा है। यह जोकोविक का रिकॉर्ड 82वां ग्रैंडस्लैम टूर्नामेंट है। इसके साथ ही उन्होंने रोजर फेडरर और फेलिसियानो लोपेज को पीछे छोड़ दिया। वह अब तक रिकॉर्ड 24 ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुके हैं।

    खबरें और भी

    कार्लोस अलकराज के चोट के कारण बाहर होने से जोकोविक के लिए ड्रॉ भी कुछ आसान हुआ है। अब उनकी संभावित भिड़ंत दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी जानिक सिनर से केवल फाइनल में ही हो सकती है। पुरुष सिंगल्स के अन्य मुकाबले में आठवीं वरीयता प्राप्त एलेक्स डी मिनाउर ने टोबी सैमुअल को सीधे सेटों में 6-4, 6-4, 6-2 से मात दी।

    निशेष ने फ्रिट्ज को हराकर मचाई सनसनी

    भारतीय मूल के अमेरिकी खिलाड़ी निशेष बसवरेड्डी ने फ्रेंच ओपन में पहला बड़ा उलटफेर करते हुए पहले दौर में सातवीं वरीयता प्राप्त अमेरिका के खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज को हराया। वाइल्डकार्ड से प्रवेश पाने वाले निशेष ने रविवार रात खेले गए दो घंटे 45 मिनट के कड़े मुकाबले में विश्व नंबर नौ फ्रिट्ज को 7-6(5), 7-6(5), 6-7(9), 6-1 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया।

    21 वर्षीय बसवरेड्डी के माता-पिता 1999 में आंध्र प्रदेश के नेल्लोर से अमेरिका चले गए थे। वह साल 2000 के बाद इस ग्रैंडस्लैम में शीर्ष 10 रैंकिंग वाले खिलाड़ी को हराने वाले अमेरिका के पहले पुरुष खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले 2000 में यान-माइकल गैम्बिल ने तत्कालीन विश्व नंबर आठ निकोलस कीफर को शिकस्त दी थी। उन्होंने इस मुकाबले में शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाते हुए ड्रॉप शॉट्स और बैकहैंड का भरपूर इस्तेमाल किया और अपने करियर में शीर्ष 10 रैंकिंग में शामिल खिलाड़ी पर पहली जीत दर्ज की।

    फ्रिट्ज के विरुद्ध कोर्ट पर उतरने से पहले बसवरेड्डी ने इस सत्र में टूर स्तर के सिर्फ पांच मैच खेले थे। दूसरे दौर में उनका सामना एक और युवा अमेरिकी खिलाड़ी एलेक्स मिशेलसन से होगा।

    स्वियातेक की एकतरफा जीत

    महिला सिंगल्स में चार बार की चैंपियन इगा स्वियातेक ने फ्रेंच ओपन में पदार्पण कर रही ऑस्ट्रेलिया की किशोर खिलाड़ी इमरसन जोंस को पहले दौर के एकतरफा मुकाबले में 6-1, 6-2 से शिकस्त दी। पेरिस की उमस भरी गर्मी में लगभग खाली पड़े स्टेडियम में स्वियातेक ने विश्व रैंकिंग में 136वें पायदान पर काबिज 17 वर्षीय खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया। उन्होंने 32 डिग्री सेल्सियस तापमान में तेजी से मैच खत्म कर अपनी फिटनेस और अनुभव का परिचय दिया।

    विश्व नंबर तीन स्वियातेक को मुकाबले के दौरान केवल एक परेशानी का सामना करना पड़ा, जब पहले सेट के बाद दाहिने हाथ की मध्यमा अंगुली में पड़े छाले के कारण उन्हें मेडिकल सहायता लेनी पड़ी और दोबारा टेप बंधवानी पड़ी। ग्रैंडस्लैम के पहले दौर में स्वियातेक की यह 29 मुकाबलों में 28वीं जीत रही। महिला सिंगल्स में पिछले साल की उपविजेता जैसमीन पाओलिनी ने भी जीत दर्ज की। उन्होंने दयाना यास्त्रेम्स्का को 7-5, 6-3 से हराया।

    यह भी पढ़ें- टेनिस टूर्नामेंट: क्वालीफायर मुकाबलों में यूपी के खिलाड़ियों का दबदबा, मेन ड्रा में उत्तराखंड के अश्विन भी शामिल

    यह भी पढ़ें- Exclusive: फ्रेंच ओपन में अलकराज के नहीं होने से सभी खिलाड़ियों के पास होगा सुनहरा मौका, पूर्व भारतीय टेनिस खिलाड़ी ने किया दावा