Jannik Sinner ने Wimbledon 2025 खिताब जीतकर रचा इतिहास, 148 साल में पहली बार चैंपियन बना इटली का खिलाड़ी
सिनर ने विंबलडन 2025 खिताब जीतकर इतिहास रच दिया। 148 सालों के विंबलडन इतिहास में किसी भी इतालवी खिलाड़ी को पुरुष सिंगल्स चैंपियन का ताज नहीं पहनाया गया है। 1877 में पहली बार आयोजित इस टूर्नामेंट में सिनर चैंपियन बनने वाले पहले इतालवी खिलाड़ी बने। 2 ग्रैंडस्लैम खिताब है इस साल जानिक सिनर के नाम विंबलडन से पहले सिनर ने आस्ट्रेलियन ओपन जीता था।

रायटर, एपी, लंदन। विश्व नंबर एक जानिक सिनर ने रविवार को ऑल इंग्लैंड क्लब पर इतिहास रचते हुए पहली बार विंबलडन ट्रॉफी अपने नाम की। सिनर ने ग्रासकोर्ट पर लगातार दो वर्ष से खिताब जीतने वाले स्पेन के कार्लोस अल्कराज को तीन घंटे चले फाइनल मुकाबले में 4-6, 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर खिताब जीता।
सिनर विंबडलन खिताब जीतने वाले इटली के पहले खिलाड़ी बने। इसके साथ ही सिनर ने पिछले महीने फ्रेंच ओपन के फाइनल में अल्कराज से मिली हार का भी हिसाब चुकता कर लिया। यह सिनर के करियर का चौथा ग्रैंड स्लैम खिताब है।
23 वर्षीय सिनर की यह जीत न सिर्फ उनके लिए बल्कि पूरे इटली के टेनिस इतिहास के लिए यादगार है। लॉन टेनिस के इस सबसे प्रतिष्ठित खिताब को जीतकर उन्होंने अपने देश के लिए इतिहास रच दिया।
अल्कराज ने की विजयी शुरुआत
यह मुकाबला न केवल रोमांच से भरपूर था, बल्कि यह पहली बार था जब विंबलडन पुरुष फाइनल में दो ऐसे खिलाड़ी आमने-सामने थे जिनका जन्म वर्ष 2000 के बाद हुआ है।
फाइनल की शुरुआत अल्कराज ने आक्रामक अंदाज में की और पहले सेट को 6-4 से जीतकर अपनी बढ़त बनाई। उन्होंने एक जोरदार रिटर्न शॉट से सेट को समाप्त किया और उन्हें दर्शकों का भरपूर समर्थन भी मिला, लेकिन इसके बाद सिनर ने मैच की दिशा बदल दी।
सिनर ने बदल दिया हाल
दूसरे सेट की पहले ही गेम में उन्हें ब्रेक मिला और उन्होंने एक अहम प्वाइंट जीतने के बाद 'लेट्स गो' चिल्लाकर जज्बा दिखाया। एक दर्शक द्वारा उछाले गए शैम्पेन कोर्क के कारण थोड़ी देर के लिए खेल रुका, लेकिन सिनर ने एक क्रॉस कोर्ट विनर लगाकर सेट जीतकर स्कोर बराबर कर लिया।
लगातार तीन सेट जीतकर बने चैंपियन
तीसरे सेट में सिनर ने 5-4 की बढ़त बनाते हुए एक शानदार वॉली से ब्रेक हासिल किया और फिर सेट जीतकर मुकाबले में बढ़त ली। चौथे सेट में भी उन्होंने जल्दी ब्रेक लेकर 3-1 की बढ़त बनाई, और इसके बाद उन्होंने अपने धैर्य और संतुलित खेल से अल्कराज को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
अल्कराज का सपना टूटा
पेरिस में हुए फ्रेंच ओपन फाइनल में सिनर से हारने वाले अल्कराज इस बार वापसी नहीं कर पाए और लगातार तीसरी बार बार विंबलडन खिताब जीतने का सपना भी टूट गया। उनसे पहले केवल ब्योन बोर्ग, पीट सैम्प्रास रोजर फेडरर, नोवाक जोकोविक ही यह कारनामा कर पाए हैं।
सिनर के ग्रैंड स्लैम खिताब: 4
- ऑस्ट्रेलियन ओपन: 2024, 2025
- यूएस ओपन: 2024
- विंबलडन: 2025
यह भी पढ़ें- Jannik Sinner बने विंबलडन 2025 के 'शहंशाह', पहले गेम में पिछड़ने के बाद दमदार वापसी करके कार्लोस अल्कराज को रौंदा
यह भी पढ़ें- Wimbledon 2025: अमांडा को हराकर पहली बार चैंपियन बनीं Iga Swiatek, बड़ी बहन को देखकर शुरू किया था खेलना
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।