होटल का किराया देने के लिए भी च्वालिंस्का के पास नहीं थे रुपए, फ्रेंच ओपन में हार के बावजूद हुई करोड़ों की बारिश
पोलैंड की टेनिस खिलाड़ी माजा च्वालिंस्का ने फ्रेंच ओपन में एक अविश्वसनीय सफर तय किया, जहां शुरुआत में उनके पास होटल के पैसे भी नहीं थे। ...और पढ़ें

माजा च्वालिंस्का

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नई दिल्ली, जागरण न्यूज नेटवर्क। मई का महीना। पोलैंड से लगभग पंद्रह सौ किलोमीटर दूर, फ्रांस की राजधानी पेरिस। विश्व रैंकिंग में 114वें नंबर की पोलैंड की टेनिस प्लेयर फ्रेंच ओपन खेलने आती हैं। इस प्लेयर के पास ना कोई स्पांसर था, ना ही कमाई का जरिया। यहां तक कि इसके पास होटल करने के पैसे भी नहीं थे।
वैसे तो इसका फ्रेंच ओपन खेलना भी पक्का नहीं था। मुख्य ड्रॉ में पहुंचने के लिए इसे तीन मैच जीतने थे और प्राइज मनी तो टूर्नामेंट के अंत में ही मिलती, अगर मिलती तो। ऐसे में उसी के देश की एक स्पोर्ट्स ड्रिंक बनाने वाली कंपनी आगे आई और होटल का बिल दिया।
माजा च्वालिंस्का पर करोड़ों की बरसात
यहां से शुरू हुआ ये सफर जब खत्म हुआ तो माजा च्वालिंस्का नाम की ये 24 साल की लड़की 16 लाख अमेरिकी डालर (लगभग 14 करोड़ भारतीय रुपये) जीत चुकी थी। जी हां, फ्रेंच ओपन के फाइनल में हारी माजा को 16 लाख अमेरिकी डालर की इनामी राशि मिली है। माजा ने इससे पहले अपने करियर में सिर्फ एक ग्रैंडस्लैम मुख्य ड्रॉ मैच जीता था।
बिस्तर से भी नहीं उठ पाती थीं च्वालिंस्का
वह साल 2021 में अवसादग्रस्त भी रह चुकी थीं। हालात इतने खराब थे कि माजा बिस्तर से भी नहीं उतर पाती थीं। साल 2022 में उनके घुटने की सर्जरी हुई। वह छोटे-छोटे टूर्नामेंट खेलकर किसी तरह से जीवनयापन कर रही थीं लेकिन पेरिस में उन्होंने लगातार नौ मैच जीते। फ्रेंच ओपन के फाइनल में पहुंचने वाली पहली क्वालिफायर बनीं। भले ही वह फाइनल में हार गईं, लेकिन जिसके पास होटल का बिल देने के लिए पैसे ना थे, उसका करोड़पति बनकर निकलना किसी जीत से कम नहीं है।