Wimbledon 2023: आज मिलेगी नई महिला चैंपियन, Marketa Vondrousova vs Ons Jabeur के बीच होगा फाइनल मुकाबला
Marketa Vondrousova vs Ons Jabeur Wimbledon 2023 final ट्यूनिशिया की ओंस ज्ब्यूर और मार्केटा वोंड्रोसोवा के बीच वर्ष के तीसरे ग्रैंडस्लैम विंबलडन के महिला सिंगल्स वर्ग का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। ऐसे में विंबलडन को महिलाओं में नई चैंपियन मिलना तय है। विश्व रैंकिंग में 42वें स्थान पर मौजूद वोंड्रोसोवा विंबलडन के फाइनल में पहुंचने वाली चेक गणराज्य की चौथी महिला खिलाड़ी हैं।

लंदन, रायटर। ट्यूनिशिया की ओंस ज्ब्यूर और गैर वरीयता प्राप्त चेक गणराज्य की मार्केटा वोंड्रोसोवा के बीच शनिवार को वर्ष के तीसरे ग्रैंडस्लैम विंबलडन के महिला सिंगल्स वर्ग का फाइनल मुकाबला खेला जाएगा। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने अपने करियर में अब तक कभी ग्रैंडस्लैम ट्राफी अपने नाम नहीं की है।
नई महिला चैंपियन-
ऐसे में विंबलडन को महिलाओं में नई चैंपियन मिलना तय है। वोंड्रोसोवा ने जहां सेमीफाइनल में यूक्रेन की एलिना स्वितोलिना को मात दी, वहीं ज्ब्यूर ने अरिना सबालेंका को हराकर लगातार दूसरे वर्ष विंबलडन के फाइनल में प्रवेश किया। ज्ब्यूर पिछले साल भी इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने में सफल रही थीं, लेकिन एलिना रिबाकिना के हाथों उन्हें हार मिली थी।
वोंड्रोसोवा 42वीं स्थान पर काबिज-
वोंड्रोसोवा पहले ही विंबलडन के फाइनल में पहुंचने वाली ओपन एरा की पहली महिला खिलाड़ी बनकर इतिहास रच चुकी हैं। विश्व रैंकिंग में 42वें स्थान पर मौजूद वोंड्रोसोवा विंबलडन के फाइनल में पहुंचने वाली चेक गणराज्य की चौथी महिला खिलाड़ी हैं। उनसे पहले जाना नोवोत्ना, पेट्रा क्वितोवा और कैरोलिना प्लिसकोवा ऐसा कर चुकी हैं।
पहली ग्रैंडस्लैम ट्राफी के लिए चुनौती पेश करेंगी-
ज्ब्यूर और वोंड्रोसोवा अब तक कभी भी करियर में ग्रैंडस्लैम नहीं जीत सकी हैं। ज्ब्यूर जहां अब तक तीन बार फाइनल में पहुंची हैं, वहीं वोंड्रोसोवा दूसरी बार किसी ग्रैंडस्लैम के फाइनल में पहुंची हैं। ज्ब्यूर को पिछले वर्ष के अलावा 2022 यूएस ओपन के फाइनल में इगा स्वियातेक से हार मिली थी, जबकि वोंड्रोसोवा को 2019 में फ्रेंच ओपन के फाइनल में एश्ले बार्टी ने हराया था। इन दोनों ही खिलाडि़यों का फाइनल में अब तक रिकार्ड बेहतर नहीं रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।