Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Miami Open 2026: फाइनल में इटली के जानिक सिनर, सेमीफाइनल में अलेक्जेंडर ज्वेरेव को दी शिकस्त

    Updated: Sat, 28 Mar 2026 11:01 PM (IST)

    इटली के जानिक सिनर ने अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-3, 7-6(4) से हराकर मियामी ओपन के फाइनल में जगह बना ली। ...और पढ़ें

    preferred source google
    News Article Hero Image

    फाइनल में पहुंचे जानिक सिनर।

    मियामी, रायटर। इटली के जानिक सिनर ने अलेक्जेंडर ज्वेरेव को 6-3, 7-6(4) से हराकर मियामी ओपन के फाइनल में जगह बना ली, जहां इस महीने की शुरुआत में इंडियन वेल्स का खिताब जीतने के बाद वह सनशाइन डबल पूरा करने के प्रबल दावेदार होंगे। दुनिया के नंबर दो खिलाड़ी सिनर अब रविवार के फाइनल में चेक गणराज्य के जिरी लेहेका से भिड़ेंगे। मैच पाइंट पर जर्मन खिलाड़ी अपनी ताकतवर सर्विस को खेल में वापस नहीं ला सके, जिसके बाद सिनर ने लेट्स गो चिल्लाते हुए जीत का जश्न मनाया।

    चार ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके सिनर ने कहा कि यह शानदार दौर रहा है। मैं जितने ज्यादा मैच खेल सकता था, खेलने की कोशिश कर रहा था और इससे बेहतर नहीं कर सकता था। आज मुकाबला बहुत कठिन था, उसने शानदार टेनिस खेली, लेकिन मैंने खासकर अंत में और अहम मौकों पर बहुत अच्छी सर्विस की।

    सिनर ने अब मास्टर्स 1000 स्तर पर लगातार 16वीं जीत दर्ज की है और वह 2017 में रोजर फेडरर के बाद एक ही सत्र में इंडियन वेल्स और मियामी ओपन जीतकर सनशाइन डबल पूरा करने वाले पहले पुरुष खिलाड़ी बनने से एक जीत दूर हैं। इससे पहले, 24 वर्षीय लेहेका ने आर्थर फिल्स को केवल 75 मिनट में 6-2, 6-2 से हराकर अपने करियर के पहले मास्टर्स 1000 फाइनल में जगह बनाई।

    लेहेका ने मैच की शुरुआत में ही 21 वर्षीय फ्रांसीसी खिलाड़ी की सर्विस तोड़ दी और पूरे मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। फिल्स ने दूसरे सेट की शुरुआत में वापसी की कोशिश की, लेकिन वह निरंतरता बनाए रखने में संघर्ष करते रहे। उन्होंने 21 अनफो‌र्स्ड एरर किए, जबकि लेहेका ने 14, साथ ही फिल्स से तीन डबल फाल्ट भी हुए।

    खबरें और भी

    लेहेका ने कहा कि मैं फाइनल में पहुंचकर बेहद उत्साहित हूं, यह निश्चित रूप से मेरे लक्ष्यों में से एक था, लेकिन साथ ही यह सिर्फ खेल है। दुनिया में इस समय इससे ज्यादा महत्वपूर्ण चीजें भी हो रही हैं। मैं बस वही करने की कोशिश कर रहा हूं, जो मैं सबसे अच्छा करता हूं।