'Virat Kohli के कारण क्रिकेट फॉलो करता हूं', Novak Djokovic ने लॉरियस अवॉर्ड्स में किया बड़ा खुलासा
24 ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाले नोवाक जोकोविच ने लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2026 में विराट कोहली की तारीफ की और एक वादा भी किया। ...और पढ़ें
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच ने लॉरियस स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2026 में भारतीय क्रिकेट और विराट कोहली के प्रति लगाव जाहिर किया। जोकोविच ने भारतीय फैंस के बारे में अपनी चाहत बताई और खुलासा किया कि कोहली के कारण उनकी क्रिकेट में दिलचस्पी बढ़ी।
समारोह से पहले रेड-कार्पेट के दौरान महान टेनिस खिलाड़ी से भारत को संदेश देने के बारे में पूछा गया। इस पर सर्बियाई खिलाड़ी ने कहा कि वो लंबे से भारत और उसके जुनूनी फैंस को देखते रहे हैं और जल्द ही देश में यात्रा की इच्छा भी व्यक्त की।
जोकोविच ने क्या कहा
मेरा संदेश हमेशा से यह है कि भारतीय फैंस और दुनियाभर के फैंस से मिलने वाले समर्थन की कद्र, सम्मान और प्यार है। मैंने इस दौरान कई लोगों से मुलाकात की। मेरा संदेश होगा- भारत में जल्द ही आपसे मिलूंगा, क्योंकि मैं वहां जाना चाहता हूं। पिछले कुछ सालों से मेरे मन में भावना है कि भारत की यात्रा करना है। मुझे वाकई उम्मीद है कि एक समारोह के लिए भारत आऊंगा और कोई मैच या कुछ तो जरूर करूंगा। मेरी यह चाहत है क्योंकि मैं भारतीय लोगों से खुद को करीब महसूस करता हूं।
नोवाक जोकोविच ने टाइम्स नाउ से बातचीत में कहा
विराट का प्रभाव
सर्बिया में क्रिकेट की ज्यादा फॉलोइंग नहीं हैं। जोकोविच ने खुलासा किया कि कैसे विराट कोहली ने उन्हें क्रिकेट के प्रति प्रभावित किया।
जोकोविच ने कहा, 'हां विराट दोस्त हैं और ऐसे शख्स हैं जिनका मैं सम्मान करता हूं। ईमानदारी से कहूं तो वो ही कारण है कि मैंने क्यों क्रिकेट देखना शुरू किया। पहले मैं क्रिकेट नहीं फॉलो करता था, लेकिन कोहली के कारण मैंने इसे देखना शुरू किया। हम संपर्क में रहते हैं। उम्मीद है कि जब मैं भारत आऊंगा तो वो मेरे साथ जुड़ेंगे। हम कुछ क्रिकेट और कुछ टेनिस खेलेंगे, आनंद लेंगे और खेल का जश्न मनाते हुए सकारात्मक ऊर्जा फैलाएंगे।'
अलकराज और सबालेंका का जलवा
बता दें कि लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स 2026 में टेनिस का दबदबा देखने को मिला। कार्लोस अलकराज और आर्यना सबालेंका ने साल के सर्वश्रेष्ठ पुरुष और महिला खिलाड़ी का खिताब जीता। सितारों से सजे इस समारोह का आयोजन मैड्रिड के ऐतिहासिक सिबेलेस पैलेस में हुआ, जहां वैश्विक खेल की उपलब्धियों का जश्न मनाया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।