यात्रियों के लिए बढ़ेगी सुविधा: एयरपोर्ट और Metro से सिटी बस सेवा शुरू, नवंबर में 5 मेट्रो स्टेशन होंगे चालू
आगरा में यूपीएमआरसी और खेरिया एयरपोर्ट मिलकर यात्रियों के लिए सिटी बस सेवा शुरू करने जा रहे हैं। एयरपोर्ट और मेट्रो स्टेशनों से हर आधे से एक घंटे में बसें चलेंगी। इन बसों से टूंडला कीठम जैसे क्षेत्रों तक कनेक्टिविटी बेहतर होगी। वर्ष 2026 तक एयरपोर्ट का नया सिविल एन्क्लेव भी तैयार हो जाएगा और नवंबर 2025 से मेट्रो के पांच स्टेशन शुरू हो जाएंगे।

जागरण संवाददाता, आगरा। यात्रियों की सहूलियत को लेकर उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) और खेरिया एयरपोर्ट बढ़ा कदम उठाने जा रहा है। दोनों के प्रस्ताव से एयरपोर्ट और मेट्रो के हर स्टेशन से सिटी बसें चलेंगी। बसों का संचालन आधा से एक घंटे के अंतराल में होगा।
इन बसों का रूट इस तरीके से तय किया जा रहा है कि आसपास के लोगों को भी फायदा होगा। नवंबर से मेट्रो के पांच स्टेशन चालू होंगे। वर्ष 2026 में एयरपोर्ट का नया सिविल एन्क्लेव भी तैयार होगा। बसों के दायरे में टूंडला, सूर सरोवर पक्षी विहार कीठम, ग्वालियर एक्सप्रेसवे, कुबेरपुर, बटेश्वर बाह जैसे क्षेत्र भी आएंगे।
वर्ष 2026 तक बनकर तैयार होगा नया सिविल एन्क्लेव
खेरिया एयरपोर्ट का नया सिविल एन्क्लेव का निर्माण चल रहा है। 343 करोड़ रुपये से बन रहे एन्क्लेव का कार्य वर्ष 2026 में पूरा होगा। फ्लाइट की संख्या बढ़ जाएगी। ऐसे में यात्रियों को एयरपोर्ट तक आने और जाने में दिक्कत न हो, इसका प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है।
धनौली रोड का चौड़ीकरण और सुंदरीकरण होगा। एयरपोर्ट से लेकर अन्य प्रमुख स्थलों तक सिटी बसों के रूट चिन्हित किए जा रहे हैं। एयरपोर्ट को स्टेशन और बस अड्डों से बसों के माध्यम से जोड़ा जा रहा है। खासकर ऐसे क्षेत्र जहां पर सबसे अधिक यात्रियों का आवागमन होता है।
नवंबर 2025 से चालू होंगे मेट्रो के पांच स्टेशन
पहले चरण में 25 बसों का संचालन होगा। यह बसें फ्लाइट की टाइमिंग के हिसाब से चलेंगी। इससे यात्री आसानी से पहुंच सकेंगे। वहीं नवंबर 2025 से पांच मेट्रो स्टेशनों का संचालन शुरू होने जा रहा है। इसमें चार भूमिगत और एक एलीवेटेड स्टेशन है। यूपीएमआरसी ने हाल ही में ताज पूर्वी गेट मेट्रो स्टेशन से फतेहाबाद के मध्य छह बसों का संचालन शुरू किया है। इसी तर्ज पर अब पांच स्टेशनों से भी बसें चलेंगी।
यूपीएमआरसी के एक अधिकारी ने बताया कि मार्च 2026 तक तीन स्टेशन और बनकर तैयार हो जाएंगे। यह सभी स्टेशन पहले और दूसरे कॉरिडोर के होंगे। इन सभी स्टेशनों से बसों का संचालन होगा। पहले चरण में 25 और दूसरे चरण में 15 बसों का संचालन होगा।
मंडलायुक्त शैलेंद्र सिंह का कहना है कि यात्रियों की सुविधा के लिए सिटी बसों का संचालन किया जाएगा।
100 हैं सिटी बसें
फाउंड्रीनगर डिपो में 100 बसें हैं। यह सभी इलेक्ट्रिक बसें हैं। मेट्रो का कार्य चालू होने से पूर्व एमजी रोड से होकर हर दिन 65 बसें चलती थीं। अब इनकी संख्या कम हो गई है। वहीं राज्य परिवहन निगम, आगरा परिक्षेत्र को 32 इलेक्ट्रिक बसें मिल चुकी हैं। जल्द ही और भी बसें मिलने जा रही हैं। इन बसों का संचालन आसपास के क्षेत्र में किया जाएगा।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।