सड़क पर केक काटना दूल्हे को पड़ा भारी, पुलिस ने दोस्तों के साथ कराई हवालात की सैर
आगरा में बीच सड़क पर केक काटकर हुड़दंग और फायरिंग करने के आरोप में दूल्हे समेत चार लोग गिरफ्तार हुए। दूल्हे को शादी के कारण थाने से जमानत मिल गई, जबकि अन्य आरोपियों को जेल भेज दिया गया। फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी की तलाश जारी है। यह घटना ट्रांस यमुना क्षेत्र में हुई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था।

सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, आगरा। बीच सड़क पर केक काटकर हुड़दंग करने व फायरिंग करने के मामले में दूल्हा सहित चार आरोपितों को हवालात की हवा खानी पड़ी। दूल्हे के हाथ पर कंकन बंधा था, वहीं शरीर पर हल्दी लगी हुई थी।
इसी सप्ताह शादी होने के चलते उसे थाने से ही जमानत दे दी गई। वहीं फायरिंग करने वाले रंगबाज सहित पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश में जुटी है।
ट्रांस यमुना के सीता नगर में आगरा-जलेसर मार्ग पर 15 नवंबर की रात 12 युवकों ने सड़क के बीच में स्कूटर खड़ा करके उसके ऊपर केक काटकर जमकर हुड़दंग किया था। एक युवक ने छह राउंड फायर किए थे, जिससे बस्ती दहल उठी थी।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद से पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वीडियो के आधार पर पुलिस युवकों की तलाश में जुटी थी।
गुरुवार को पुलिस ने ट्रांस यमुना क्षेत्र में रहने वाले सैलू, प्रवीण कुमार, विष्णु और हर्षित को गिरफ्तार कर लिया। हर्षित की इसी सप्ताह शादी होनी है। उसके हाथ पर कंकन बंधा होने के साथ ही शरीर पर हल्दी लगी हुई थी।
स्वजन से उसे जमानत देने का पुलिस अधिकारियों से अनुरोध किया। थानाध्यक्ष ट्रांस यमुना रोहित कुमार ने बताया कि हर्षित की इसी सप्ताह शादी होने के कारण उसे थाने से जमानत दे दी गई।
हर्षित के हाथ में चोट लगने के कारण उसे भी न्यायालय से जमानत मिल गई। सैलू और प्रवीण को न्यायालय से जेल भेजा गया है। उन्होंने बताया कि फायरिंग हरमीत ने की थी। उसके खिलाफ रंगबाजी के नौ मुकदमे दर्ज हैं। हरमीत और अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।