Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ताजमहल की 'चमकी' देखने के ख्वाब पर बादलों का ग्रहण, चांदनी में जगमगाते नगीने देखने को 1 साल वेट करते हैं टूरिस्ट

    Updated: Tue, 07 Oct 2025 07:41 AM (IST)

    आगरा में शरद पूर्णिमा पर ताजमहल की चमकी देखने की चाह रखने वाले पर्यटकों के लिए मौसम विभाग ने बादल छाए रहने और बारिश की आशंका जताई है। पूर्णिमा पर चांद धरती के करीब होता है और ताजमहल पर इसकी रोशनी अद्भुत दिखती है जिससे पर्यटक साल भर इसका इंतजार करते हैं। पर्यटकों ने टिकट बुक करा लिए हैं लेकिन बादलों के कारण चमकी देखने की उम्मीद कम है।

    Hero Image
    प्रस्तुतीकरण के लिए ताजमहल का फाइल फोटो प्रयोग किया गया है।

    जागरण संवाददाता, आगरा। शरद पूर्णिमा पर चांद की रोशनी में ताजमहल में 'चमकी' देखने का ख्वाब पाले एडवांस टिकट बुकिंग कराने वाले पर्यटकों के अरमानों पर बादल पानी फेर सकते हैं। मौसम विभाग ने मंगलवार को बादल छाए रहने व वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। बादलों की ओट में चांद के छुपे रहने से पर्यटकों के 'चमकी' देखने के वर्षभर के इंतजार पर ग्रहण लग सकता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सोमवार को दोपहर से शाम तक वर्षा के बाद रात में बादल छाए छाए रहने से ताज रात्रि दर्शन को ताजमहल पहुंचे पर्यटकों को निराशा हाथ लगी। बादलाें की वजह से ताजमहल नजर नहीं आने से वह मायूस नजर आए। शरद पूर्णिमा पर चांद धरती के नजदीक होता है। उसकी श्वेत रश्मियाें की रौनक देखते ही बनती है।

    प्रीसिय स्टोन चांद की रोशनी में जगमगाते हैं, इसे चमकी कहते हैं

    यमुना के किनारे पर बने ताजमहल के धवल संगमरमरी हुस्न पर जब चांद की रोशनी पड़ती है, तो उसकी आभा देखते ही बनती है। ताजमहल में जड़े प्रीसियस व सेमी-प्रीसियस स्टोन चांद की रोशनी में जगमगाते हैं। इसी को ताजमहल के दीवाने चमकी कहते हैं और वर्षभर इसका इंतजार करते हैं। शरद पूर्णिमा मंगलवार को है, जिसके टिकट पर्यटकों ने सात दिन पहले ऑनलाइन बुकिंग शुरू होते ही बुकिुंग कराना शुरू कर दिए थे।

    रात आठ से 12 बजे तक के आधा-आधा घंटे के आठ स्लॉट में 50-50 के ग्रुप में 400 पर्यटकों को प्रवेश मिलेगा। हालांकि, शरद पूर्णिमा पर मंगलवार को मौसम की बेरुखी का सामना ताजमहल के दीवानों को करना पड़ सकता है।

    ताज व्यू प्वाइूंट के उपलब्ध हैं टिकट

    ताज रात्रि दर्शन के मंगलवार के सभी टिकट बुक हैं। बुधवार को रात 11:30 से 12 बजे के स्लॉट में खबर लिखे जाने के समय तक केवल एक टिकट उपलब्ध था। अंतिम दिन गुरुवार के लिए सभी स्लॉट में टिकट हैं। ताजमहल का टिकट नहीं मिलने से मायूस पर्यटक मेहताब बाग स्थित एडीए के ताज व्यू प्वाइंट का रुख कर सकते हैं। यहां टिकट विंडो से टिकट लेकर ताज रात्रि दर्शन किया जा सकता है।