Agra Weather Update: ठंडी हवा चलने से गिरा पारा, ठंड का अहसास
आगरा में ठंडी हवाओं के चलते मौसम में बदलाव आया है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे ठंड का अहसास हुआ। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और कमी आने का पूर्वानुमान जताया है। हालांकि, अधिकतम तापमान में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है। सुबह के समय धुंध और दोपहर में धूप निकलने का अनुमान है।

अधिकतम तापमान में पांच डिग्र्री सेल्सियस तक की आई गिरावट
जागरण संवाददाता, आगरा। शहर में गुरुवार को ठंडी हवा चलने से मौसम में बदलाव देखने को मिला। अधिकतम व न्यूनतम तापमान में गिरावट आई। सामान्य से अधिकतम तापमान कम रहा। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में और कमी आने का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान में अधिक बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
शहर में बुधवार रात से ठंंडी हवा चलना शुरू हो गई थी। इसका असर गुरुवार सुबह देखने को मिला। न्यूनतम तापमान में गिरावट आने से हल्की ठंड का अहसास हुआ। सुबह से धूप जरूर निकली, लेकिन निरंतर हवा चलते रहने से उसका असर कम रहा। शाम ढलने पर तापमान में गिरावट आई, जिससे हल्की ठंड का अहसास हुआ। अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
बुधवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहेगा।
सुबह के समय खुले क्षेत्रों में धुंध देखने को मिल सकती है। दोपहर में आसमान साफ रहने से धूप निकलेगी। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।