UP Weather Update: क्या नवंबर में भी जमकर होगी बारिश? मौसम विभाग ने जताई ये आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, आगरा में नवंबर में रातें सामान्य से अधिक गर्म रहने का अनुमान है। प्रशांत महासागर में ला-निना की कमजोर स्थिति और नकारात्मक हिंद महासागरीय द्विध्रुव के कारण औसत से अधिक वर्षा हो सकती है। शनिवार को धूप निकलने के बाद दोपहर में बादल छा गए। मौसम विज्ञानी ने 2 और 3 नवंबर को आसमान साफ रहने और 4 नवंबर को वर्षा की संभावना जताई है।

जागरण संवाददाता, आगरा। माैसम विभाग ने नवंबर में रातें गरम रहने का पूर्वानुमान जताया है। सामान्य से औसत मासिक न्यूनतम तापमान अधिक रहने की वजह से ऐसा होगा। प्रशांत महासागर में उत्पन्न कमजोर ला-निना की परिस्थितियोंं के नवंबर व दिसंबर में भी जारी रहने और उसके नकारात्मक हिंद महासागरीय द्विध्रुव परिस्थितियों के संयुक्त प्रभाव से नवंबर में औसत से अधिक वर्षा हो सकती है।
शहर में सोमवार व मंगलवार को वर्षा हुई थी, जिससे तापमान में गिरावट आई थी। बुधवार से शुक्रवार तक बादल छाए रहे थे। शनिवार को पांच दिन बाद सुबह से धूप निकली। दिन चढ़ने के साथ तापमान में वृद्धि हुई, लेकिन दोपहर डेढ़ बजे के बाद बादल घिर आए। शाम तक बादल छाए रहे। सूरज बादलों की ओट में छिपा रहा।
अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 0.5 डिग्री सेल्सियस कम और न्यूनतम तापमान 3.6 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि दो व तीन नवंबर को आसमान साफ रहेग और धूप निकलेगी। चार नवंबर को बादल छाए रहने के साथ वर्षा हो सकती है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।