कौन हैं प्रकाश चंद्र गुप्ता? अखिलेश यादव ने बनाया शिक्षक एमएलसी चुनाव में सपा प्रत्याशी
समाजवादी पार्टी ने शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए आगरा-अलीगढ़ खंड से डा. प्रकाश चंद्र गुप्ता को प्रत्याशी घोषित किया है। सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य गुप्ता, एटा के निवासी हैं। सपा ने पीडीए फार्मूले के बाद वैश्य उम्मीदवार पर दांव लगाया है, जिसका लक्ष्य वैश्य मतदाताओं को आकर्षित करना है। गुप्ता ने शिक्षा में भ्रष्टाचार कम करने और शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करने का संकल्प लिया है।

आगरा-अलीगढ़ खंड से डा. प्रकाश चंद्र गुप्ता को घोषित किया प्रत्याशी
जागरण संवाददाता, आगरा। शिक्षक एमएलसी चुनाव में आगरा-अलीगढ़ खंड से प्रत्याशी की घोषणा में सपा ने अन्य राजनीतिक दलों को पछाड़ दिया है। पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक (पीडीए) फार्मूले पर वर्ष 2024 के लाेकसभा चुनाव में उप्र में रिकार्ड जीत दर्ज करने वाली पार्टी ने वैश्य प्रत्याशी पर दाव लगाया है। सेवानिवृत्त शिक्षक डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। पीडीए को अपने पक्ष में मानने वाली सपा ने इससे वैश्य मतदाताओं को अपने साथ जोड़ने का प्रयास किया है।
आगरा-अलीगढ़ खंड से डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता को घोषित किया प्रत्याशी
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की सहमति से मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने आगरा-अलीगढ़ खंड से डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता को शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए प्रत्याशी घोषित किया। मूल रूप से एटा के सिढ़पुरा के डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता आवास विकास कालोनी सिकंदरा के सेक्टर 16 में रहते हैं। वह मथुरा के फरह स्थित राजकीय हाईस्कूल जुड़ावई से इसी वर्ष प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए गुप्ता मूल रूप से एटा के सिढ़पुरा के हैं
डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता ने बताया कि वह सपा से भावनात्मक रूप से जुड़े हुए थे। हाल ही में लखनऊ जाकर राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात कर शिक्षक एमएलसी चुनाव लड़ने के लिए टिकट मांगा था। वैश्य समाज से हमेशा चुनाव में टिकट दिए जाने की मांग उठती है। इसलिए चुनाव लड़कर वैश्य समाज के लिए काम करने की उनकी प्रबल इंच्छा थी। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताया है, जिस पर वह खरा उतरने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने बताया कि भ्रष्टाचार से उनका मन बहुत दु:खी है। वह चुनाव में शिक्षा में व्याप्त भ्रष्टाचार को मुद्दा बनाएंगे। भ्रष्टाचार को खत्म नहीं कर सके तो क्या, उसे कम तो करेंगे। शिक्षकों से जुड़ी समस्याओं का निदान कराना और शिक्षा के उन्नयन को काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगा।
घर पहुंचे सपा नेता
डॉ. प्रकाश चंद्र गुप्ता को प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा के बाद सपा नेताओं का उनके घर पर बधाई देने को पहुंचना शुरू हो गया। वर्ष 2022 में दक्षिण विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी रहे विनय अग्रवाल, पवन प्रजापति समेत अन्य ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।