Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Weather Update: मानसून शहर पर मेहरबान, मौसम विभाग का बारिश और तूफान का अलर्ट; प्रशासन की एडवाइजरी जारी

    Updated: Tue, 24 Jun 2025 11:53 AM (IST)

    सामान्य से कम तापमान होने से गर्मी से राहत मिली है। सोमवार दोपहर आधा घंटे से अधिक समय तक बारिश हुई थी। प्रशासन ने मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है।

    Hero Image

    बारिश के बीच गुजरते बाइक सवार। फोटो विनोद अग्रवाल।


    जागरण संवाददाता, आगरा। समय से पहले आया मानसून शहर पर मेहरबान बना हुआ है। सोमवार दोपहर वर्षा होने से मौसम सुहाना हो गया। सामान्य से तापमान कम रहने से गर्मी से राहत रही। मौसम विभाग ने 24 से 27 जून तक बादल छाए रहने व वर्षा या गरज के साथ छींटे पड़ने और 28 व 29 जून को वर्षा या तूफान का पूर्वानुमान जताया है। अधिकतम तापमान गिरकर 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान गिरकर 22 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बारिश होने से मौसम हुआ सुहावना

    शहर में रविवार शाम वर्षा हुई थी, जबकि रात में बूंदाबांदी हुई थी। सोमवार सुबह बादल छाए रहने से उमस अधिक रही। दिनभर यही स्थिति रही। बादलों की वजह से धूप बेअसर रही। दोपहर एक बजे के करीब शहर से देहात तक वर्षा हुई। आधा घंटे से अधिक समय तक बारिश होने व उसके बाद बूंदाबांदी से मौसम सुहाना हो उठा। इसका लुत्फ शहरवासियों ने वर्षा में भीगते हुए उठाया। अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.0 डिग्री सेल्सियस रहा। सामान्य से अधिकतम तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब एक डिग्री सेल्सियस कम रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 36.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस रहा था।


    प्रशासन ने जारी की एडवाइजरी

    मौसम विभाग ने 25 जून तक वर्षा, तूफान के साथ वज्रपात की संभावना जताई है। एडीएम वित्त एवं राजस्व शुभांगी शुक्ला ने जनसाधारण के बचाव को एडवाइजरी जारी की है। उन्होंने खराब मौसम में पशुओं को सुरक्षित स्थान पर बांधने, पेड़ व टीन शेड के नीचे नहीं बांधने को कहा है। खराब मौसम में व्यक्ति घर से बाहर नहीं निकलें। छिपने के लिए सुरक्षित स्थान के रूप में पक्के मकान का प्रयोग करने, पेड़ के नीचे नहीं छिपने, पैर के नीचे सूखी लकड़ी व पत्ते रखने को कहा है। वर्षा के समय बर्तन या कपड़े नहीं धाेने, इलेक्ट्रॉनिक वस्तुओं को नहीं छूने और जर्जर मकान से दूर रहने को कहा गया है।

    दो दिन में 26 एमएम से अधिक वर्षा

    मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को 15.8 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। रविवार को 11 एमएम वर्षा हुई थी। दो दिन में 26.8 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई।