Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ताजमहल की टिकट भी अब नकली, बेच रही फर्जी वेबसाइट; 35 डाॅलर का लग सकता है एक बार में फटका

    By Nirlosh Kumar Edited By: Prateek Gupta
    Updated: Wed, 08 Apr 2026 11:59 PM (IST)

    ताजमहल पर साइबर धोखाधड़ी का नया मामला सामने आया है, जहाँ फर्जी वेबसाइटें पर्यटकों को नकली टिकटें बेच रही हैं। विदेशी पर्यटकों से एक टिकट के लिए $35 वस ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    ताजमहल की फर्जी टिकट बेच रही वेबसाइट।

    जागरण संवाददाता, आगरा। ताजमहल पर साइबर फ्राड का नया मामला सामने आया है। टिकट बुकिंग की फर्जी वेबसाइट बनाकर स्मारक की टिकट बेची जा रही हैं।

    विदेशी पर्यटकों द्वारा वेबसाइट से बुक की गईं टिकटें लेकर स्मारक पहुंचने पर जांच में यह मामला सामने आया। विदेशी पर्यटक ने 35 डालर (भारतीय मुद्रा में करीब 3230 रुपये) में एक टिकट बुक कराई थी।

    जबकि उसके लिए ताजमहल की टिकट मुख्य मकबरे समेत 1300 रुपये की है। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआइ) ने फर्जी वेबसाइट के विरुद्ध कार्रवाई के लिए तहरीर दी है।

    ताजमहल समेत अन्य स्मारकों की आनलाइन टिकट बुकिंग को एएसआइ ने वेबसाइट asipayumoney.com (केनरा बैंक) और asi.payugov.in (एनएसडीएल) को अधिकृत कर रखा है।

    ताजमहल पश्चिमी गेट पर सोमवार सुबह तैनात कर्मचारी बबलू कुमार पासवान ने तीन विदेशी पर्यटकों के पास फर्जी वेबसाइट द्वारा जारी टिकटें पकड़ीं। जांच में पाया गया कि टिकटें वेबसाइट https:ticketstajmahal.com से ऑनलाइन बुक की गई थीं।

    तीनों पर्यटकों ने इसके लिए 105 डालर का भुगतान किया था। ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर ने मंगलवार को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त को कार्रवाई के लिएउ तहरीर दी। मुख्यमंत्री के आगरा दौरे में व्यस्तता के चलते पुलिस मंगलवार को कार्रवाई नहीं कर सकी थी।

    अधीक्षण पुरातत्वविद डा. स्मिथा एस. कुमार ने बताया कि फर्जी वेबसाइट के विरुद्ध कार्रवाई के लिए तहरीर दी गई है। वेबसाइट पूर्व में भी फर्जी टिकट बुक कर चुकी है।

    दिल्ली में दर्ज कराया था मुकदमा

    वेबसाइट द्वारा ताजमहल व आगरा किला की फर्जी टिकट बुकिंग किए जाने का मामला फरवरी, 2023 में सामने आया था। तब एएसआइ के दिल्ली मुख्यालय द्वारा साइबर पुलिस स्टेशन केंद्रीय नई दिल्ली में 15 फरवरी, 2023 को प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।

    आगरा सर्किल ने ठगी के मामले में 21 मार्च, 2023 को फर्जी बुकिंग करने वाली वेबसाइट पर कार्रवाई को तहरीर दी थी।

    महानिदेशक ने की पोस्ट

    एएसआइ के महानिदेशक की फेसबुक आइडी से पर्यटकों के लिए फर्जी वेबसाइट से सावधान रहने का अलर्ट जारी किया गया है। इसमें पर्यटकों को फर्जी वेबसाइट https:ticketstajmahal.com से टिकट बुक नहीं करने को कहा गया है।

    उन्होंने एएसआइ द्वारा अधिकृत वेबसाइट और वाट्सएप नंबर से ही आनलाइन टिकट बुक करने को कहा है।