Weather Update: मानसून के जल्दी आने से अच्छी बारिश, मौसम विभाग के आंकड़े दे रहे गवाही
Agra Weather आगरा में इस बार मानसून सामान्य से 26% अधिक रहा जिसमें फिरोजाबाद में सबसे ज्यादा वर्षा दर्ज की गई। जून में मानसून के जल्दी आने से अच्छी बारिश हुई पर अगस्त में वर्षा कम रही। सोमवार को हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया और मौसम विभाग ने आगे भी वर्षा की संभावना जताई है।

जागरण संवाददाता, आगरा। अगस्त में सामान्य से 18 प्रतिशत कम वर्षा होने के बाद भी आगरा में प्री-मानसून व मानसून में इस बार 26 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई है। मौसम विज्ञान विभाग के आंकड़ों के अनुसार आगरा में एक जून से 31 अगस्त तक 549.2 एमएम वर्षा हुई, जो सामान्य वर्षा 434.6 एमएम से अधिक है।
आगरा मंडल की बात करें तो फिरोजाबाद में इस अवधि में सर्वाधिक 700.4 एमएम वर्षा हुई जो सामान्य वर्षा 468.1 एमएम से 50 प्रतिशत अधिक है। मथुरा में सामान्य से 19 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई। मैनपुरी मंडल में एकमात्र ऐसा जिला रहा, जहां सामान्य से नौ प्रतिशत कम वर्षा हुई है।
इस बार जून में मानसून आया था
आगरा में मानसून जून के अंतिम सप्ताह या जुलाई के पहले सप्ताह में दस्तक देता रहा है। इस वर्ष आगरा में मानसून ने 22 जून को दस्तक दे दी थी। जून व जुलाई में यहां 389 एमएम वर्षा हुई थी, जो सामान्य वर्षा 240.1 एमएम से 62 प्रतिशत अधिक थी। अगस्त में आगरा में सामान्य से 18 प्रतिशत कम वर्षा हुई, जिससे सामान्य से अधिक वर्षा का प्रतिशत घटकर 26 प्रतिशत पर आ गया।
शहर में एक सितंबर को अच्छी वर्षा हुई। अब सितंबर से उम्मीद बंधी है। मौसम विभाग ने भी सितंबर में अच्छी वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने बताया कि सितंबर में सामान्य वर्षा होगी।
सोमवार को झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना
शहर में रविवार के बाद सोमवार को भी झमाझम वर्षा से मौसम सुहाना बना रहा। रविवार की रात बूंदाबांदी की झड़ी लगी रही। सोमवार दोपहर और शाम को झमाझम वर्षा हुई। 24 घंटे में शहर में 39.4 एमएम वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी बादल छाए रहने व गरज के साथ बौछार पड़ने या वर्षा का पूर्वानुमान जताया है। तापमान में अधिक बदलाव देखने को नहीं मिलेगा।
बूंदाबांदी से मौसम में आया बदलाव
शहर में रविवार रात 10:0 बजे से बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। रातभर रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। सुबह बादल छाए रहे, जिससे आर्द्रता सुबह 8:30 बजे 97 प्रतिशत तक पहुंच गई। दोपहर 12:30 बजे के करीब हल्की वर्षा हुई। दोपहर 3:45 बजे शहर से देहात तक पहले बूंदाबांदी और फिर तेज वर्षा हुई। एक घंटे तक वर्षा होने से माैसम सुहाना हो गया।
- अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सामान्य से अधिकतम तापमान एक डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस कम रहा।
- रविवार को अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रहा था।
आगरा मंडल में वर्षा की स्थिति (एक जून से 31 अगस्त तक एमएम में)
जिला, कुल वर्षा, सामान्य वर्षा, सामान्य से अधिक या कम
आगरा, 549.2, 434.6, 26 प्रतिशत अधिक
मथुरा, 488.5, 412.1, 19 प्रतिशत अधिक
फिरोजाबाद, 700.4, 468.1, 50 प्रतिशत अधिक
मैनपुरी, 474.1, 521.0, 9 प्रतिशत कम
अगस्त में वर्षा की स्थिति (एमएम में)
जिला, कुल वर्षा, सामान्य वर्षा, सामान्य से अधिक या कम
आगरा, 160.2, 194.5 18 प्रतिशत कम
मथुरा, 193.5, 179.9, 8 प्रतिशत अधिक
फिरोजाबाद, 204.0, 204.3,-
मैनपुरी, 130.8, 221.5, 30 प्रतिशत कम
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार रविवार शाम 5:30 बजे से सोमवार सुबह 8:30 बजे तक 6.2 एमएम और सोमवार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक 33.4 एमएम वर्षा यहां दर्ज की गई। मौसम विज्ञानी मो. दानिश के अनुसार मंगलवार को गरज के साथ बौछार पड़ सकती हैं। तीन सितंबर से वर्षा में कमी आएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।