SIR in UP: एसआईआर प्रक्रिया बहुत आसान, गणना के लिए आधार कार्ड समेत ये 13 दस्तावेज हैं मान्य
अलीगढ़ में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान में दस्तावेजों को लेकर भ्रम फैल गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहचान के लिए आधार समेत 13 दस्तावेजों में से कोई एक मान्य है, निवास प्रमाण पत्र अनिवार्य नहीं है। बीएलओ घर-घर जाकर प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। भाजपा कार्यकर्ता भी मतदाताओं की मदद कर रहे हैं ताकि एसआईआर प्रक्रिया आसान हो सके।

जागरण संवाददाता, अलीगढ़। मतदाता सूची के विशेष समन्वित पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की शुरुआत के साथ ही लोगों में आवश्यक दस्तावेजों को लेकर भ्रम बढ़ गया है। कई लोग मान बैठे हैं कि प्रक्रिया के लिए निवास प्रमाणपत्र अनिवार्य है, जबकि निर्वाचन आयोग ने ऐसा कोई निर्देश जारी नहीं किया है।
प्रशासन ने साफ किया है कि किसी भी मतदाता को पहचान सत्यापन के लिए आधार समेत 13 में से कोई एक दस्तावेज देना होगा। इनमें से एक भी उपलब्ध होने पर एसआईआर की प्रक्रिया पूरी मानी जाएगी। प्रक्रिया आसान है।
मंगलवार को नगर निगम के हैबिटेट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा की मौजूदगी में एडीएम प्रशासन पंकज कुमार ने पार्षदों के साथ बैठक की। इसमें कहा गया कि मतदाता सूची अपडेट कराने के लिए किसी भी व्यक्ति को 13 में से कोई एक वैध दस्तावेज देना होगा। निवास प्रमाणपत्र अनिवार्य नहीं है। यह केवल विकल्प मात्र है।
आधार कार्ड सबसे आसान है। सभी के पास यह दस्तावेज होता है। कोई भी मतदाता संबंधित बीएलओ को यह दे सकता है। जिले में 27.94 लाख मतदाता दर्ज हैं।
इनमें 14.86 लाख पुरुष, 13.08 लाख महिलाएं व 130 अन्य हैं। एसआइआर अभियान में बीएलओ घर–घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर चुके हैं। अब उन्हें वापस एकत्र भी कर रहे हैं। कोल व शहर विधानसभा क्षेत्रों में दस्तावेजों को लेकर सबसे अधिक उलझन देखने को मिली है। आधार के साथ फार्म दिया जा सकता है।
ये 13 दस्तावेज, इनमें से कोई एक देना होगा पर्याप्त
- केंद्र/राज्य सरकार या उपक्रम का पहचान पत्र या पेंशन आदेश
- 1 जुलाई 1987 से पूर्व जारी कोई भी सरकारी पहचान पत्र
- जन्म प्रमाणपत्र
- पासपोर्ट
- मान्यता प्राप्त बोर्ड/विश्वविद्यालय का शैक्षिक प्रमाणपत्र
- राज्य सरकार द्वारा जारी स्थायी निवास प्रमाणपत्र
- वन अधिकार प्रमाणपत्र
- ओबीसी/एससी/एसटी प्रमाणपत्र
- राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (जहां लागू)
- राज्य या स्थानीय निकाय का परिवार रजिस्टर
- सरकार द्वारा जारी भूमि/मकान आवंटन पत्र
- आधार कार्ड
- कोई अन्य मान्य सरकारी दस्तावेज
एसआइआर में सहयोग करेंगे भाजपा कार्यकर्ता
भाजपा महानगर कार्यालय पर एसआइआर को लेकर महानगर अध्यक्ष राजीव शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। एसआइआर में भाजपा के बूथ, पदाधिकारी, जनप्रतिनिधियों को मतदाताओं का सहयोग कर फार्म में आ रही परेशानी दूर करने की बात कही। महानगर अध्यक्ष कहा कि यह कार्यक्रम चुनाव आयुक्त की ओर से क्षेत्र के बीएलओ के माध्यम से कराया जा रहा है।
बीएलओ वेरिफिकेशन फार्म दे रहे हैं। जिनके पास फार्म नहीं पहुंचा हो तो वह अपने बीएलओ से संपर्क कर सकता है। कहीं परेशानी आ रही हो या फार्म नहीं मिला हो तो भाजपा महानगर के वरिष्ठ कार्यकर्ता, क्षेत्र के बूथ अध्यक्ष व महानगर के पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों से संपर्क कर सकते हैं।
सोशल मीडिया के माध्यम से भी अपनी समस्या व क्षेत्र की समस्या वोटर वेरिफिकेशन में आ रही दिक्कतों को रख सकते हैं। भाजपा सोशल मीडिया की टीम पूरा सहयोग करेगी। बैठक में अभियान संयोजक सुरेश चंद शर्मा, भूपेंद्र वार्ष्णेय, सुभाष सुभानु, गुनीत मित्तल, डा. दिनेश शर्मा, अतुल राजा, पवन शर्मा, आदित्य अग्रवाल, धर्मवीर मलिक, योगेश राजपूत, विशाल गुप्ता मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।