Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Raksha Bandhan 2025: रक्षाबंधन और जन्‍माष्‍टमी पर्व अब नहीं पड़ेगा भटकना, यूपी के इस ज‍िले को मिली 38 मिनी बसें

    Updated: Thu, 07 Aug 2025 04:11 PM (IST)

    अंबेडकरनगर में रक्षाबंधन पर रोडवेज बसों में बहनों की मुफ्त यात्रा अब और सुलभ होगी। अकबरपुर डिपो को कानपुर निदेशालय से 38 नई मिनी बसें मिली हैं। ये बसें रक्षाबंधन व जन्माष्टमी पर्व पर लखनऊ प्रयागराज सुलतानपुर जैसे रूटों पर चलेंगी। यात्रियों की भीड़ को देखते हुए बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। मुफ्त बस सेवा 10 अगस्त तक जारी रहेगी। नई बसों में आरामदायक सीट और सुरक्षा सुविधाएं उपलब्ध हैं।

    Hero Image
    अकबरपुर डिपो परिसर में खड़ी नई बस।- जागरण

    संवाद सूत्र, अंबेडकरनगर। रक्षाबंधन पर्व पर रोडवेज बसों में बहनाें की निश्शुल्क यात्रा अब और सुलभ होगी। नई बसों में सवार होकर बहने भाई के कलाई पर राखी बांधने पहुंचेंगी। परिवहन निगम के अकबरपुर डिपो को कानपुर निदेशालय से 38 नई मिनी बसें मिली हैं। गुरुवार को डिपो में चार बसें पहुंच गई हैं। शेष बसों सप्ताह भर के भीतर आ जाएंगी। यहां से चार-पांच की संख्या में चालकों को प्रतिदिन बस लाने के लिए भेजा जा रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रक्षाबंधन व जन्माष्टमी पर्व लखनऊ, प्रयागराज, सुलतानपुर, आजमगढ़, मऊ, बस्ती समेत विभिन्न रूटों पर नई बसें दौड़ेंगी। त्योहार समाप्त होने के बाद स्थाई रूट निर्धारित होगा। पर्व पर मार्ग पर यात्रियों की सर्वाधिक भीड़ रहती है, ऐसे में परिवहन निगम ने इन मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाने और अतिरिक्त बस का संचालन करने का निर्णय लिया। रक्षाबंधन पर्व पर शुक्रवार सुबह छह से 10 अगस्त रात्रि 12 बजे तक बहनाें की निश्शुल्क बस सेवाएं शुरू होगी।

    त्योहार को लेकर अभी से यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगी है। दिल्ली, कानपुर, लखनऊ, आजमगढ़, मऊ, सुलतानपुर व कानपुर रूटों से बसें फुल होकर आ रही हैं। बस स्टेशन इंचार्ज लक्ष्मी सिंह ने बताया कि कानपुर निदेशालय से 38 बसें डिपो के लिए स्वीकृत हुई हैं। चार बसें डिपो में पहुंच गई हैं। नई बसे आने के बाद जिन रूटों पर यात्रियों का दबाव अधिक हो रहा है, उनपर बसों के फेरे बढ़ाए जा रहे हैं। शुक्रवार से नई बसों का भी संचालन शुरू हो जाएगा।

    यात्रियों को सहूलियत, परिवहन निगम की बढ़ेगी आय

    अकबरपुर डिपो से दिल्ली, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, चित्रकूट, बांदा, बढ़नी सहित प्रदेश ने अन्य जनपदों के लिए 85 बसों का संचालन किया जा रहा है। बसों की संख्या कम और लगातार संचालन के बाद वर्कशाप में खड़ी होने से यात्रियों को परेशानी हो रही थी। डिपो पर यात्रियों को बसों के लिए घंटों प्रतीक्षा करना पड़ती थी। वहीं इसका फायदा डग्गामार वाहन भी उठा रहे हैं। बेडे में 38 नई बसें शामिल होने के बाद अब डिपो में बसों की संख्या 123 हो जाएगी, इससे समय-समय पर यात्रियों को बस की सुविधा मिलेगी और निगम का राजस्व भी बढ़ेगा।

    नई बसों में मिलेगी ये सुविधाएं

    निगम द्वारा स्वीकृत 38 बसों में आरामदायक सीट, यात्रियों के मनोरंजन के लिए साउंड सिस्टम व एलईडी स्क्रीन, सुरक्षा के लिए सीट बेल्ट, सुरक्षा अलार्म, आपातकालीन खिड़की के साथ अग्निशमन यंत्र, मेडिकल किट, चालक के आराम करने के लिए एक अतिरिक्त सीट, समय देखने के लिए घड़ी, जीपीएस सिस्टम, पैनिक बटन आदि सुविधाएं मिलेंगी।

    कानपुर निदेशालय से 38 नई मिनी बसों की स्वीकृति मिली है। चार बसें डिपो में पहुंच गई हैं। एक सप्ताह के भीतर डिपो में सभी बसें पहुंच जाएंगी। रक्षाबंधन तथा जन्माष्टमी पर्व पर यात्रियों को बस के लिए भटकना नहीं होगा, इसके लिए विशेष तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।- कुंवर हरिओम श्रीवास्तव, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक-अकबरपुर डिपो