Updated: Tue, 09 Sep 2025 12:57 AM (IST)
अमेठी के संग्रामपुर में लुटेरों ने दिनदहाड़े एक कोचिंग संचालक के घर में घुसकर लूटपाट की। जल निगम के कर्मचारी बनकर आए बदमाशों ने संचालक की पत्नी को बंधक बनाया और लगभग पांच लाख के गहने व नकदी लूटकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है बदमाशों ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरे भी बंद कर दिए थे।
संवाद सूत्र, अमेठी। बेखौफ लुटेरों ने सोमवार शाम कोचिंग संचालक के घर में घुसकर पत्नी को बंधक बना लिया और पिस्टल के बल पर पांच लाख के आभूषण व नकदी लेकर फरार हो गए। सरेशाम वारदात के बाद से पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठ रहे हैं। बदमाश जल निगम के कर्मचारी बनकर घर में घुसे थे।
विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच छानबीन शुरू की है। संग्रामपुर के सरैया बड़गांव निवासी मंजेश मौर्य की शादी पांच माह पहले 25 अप्रैल को हुई थी। वह शहर में कोचिंग सेंटर चलाते हैं। सुबह कोचिंग पढ़ाने चले गये थे।
उनकी मां रामपति देवी दोपहर गांव में रिश्तेदारी चली गई। घर पर अकेली मंजेश की पत्नी वंदना थी। देर शाम को दो अज्ञात बदमाश घर पहुंचे और खुद को जल निगम का कर्मचारी बताया।
उन्होंने विवाहिता से कहा कि मंजेश ने नल की टोटी लगवाने के लिए घर भेजा है। वंदना ने दोनों युवकों पर भरोसा कर लिया, जिसके बाद दोनों युवक घर के अंदर दाखिल हुए। महिला कुछ समझ पाती तब तक उनके ऊपर पिस्टल तानकर बंधक बना लिया।
बदमाशों ने सबसे पहले घर में लगे सीसी कैमरे को बंद कराया फिर अलमारी खोलकर आभूषण व नकदी निकाल ली। बदमाश लगभग दस हजार रुपये नकद और सात लाख से अधिक कीमत के आभूषण लूटकर फरार हो गए। पीड़िता के मुताबिक बदमाशों ने उसके शरीर पर पहने हुए गहने भी उतरवा लिए।
लूट के बाद दोनों आरोपित बाइक से फरार हो गए। डरी सहमी महिला बदहवास हो गई। कुछ देर बाद उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना बताई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
देर शाम पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवारजन से घटना की जानकारी ली। थानाध्यक्ष अखिलेश सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। मौके पर हूं। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।