Auraiya: 'वेस्ट टू वंडर' पार्क से बदल रहा बीहड़ का नजारा, कचरे से बनाए जा रहे सात अजूबे
औरैया में 'वेस्ट टू वंडर' पार्क बीहड़ इलाके के नज़ारे को बदल रहा है। कचरे का उपयोग करके सात अजूबों की प्रतिकृतियां बनाई जा रही हैं। यह पार्क न केवल पर ...और पढ़ें

बीहड़ क्षेत्र में मां मंगलाकाली मंदिर के पास बनाया जा रहा ताजमहल।
जागरण संवाददाता, औरैया। वेस्ट टू वंडर पार्क के माध्यम से बीहड़ क्षेत्र की सूरत बदलने का कार्य किया जा रहा है। पार्क में प्लास्टिक व टीन सहित विभिन्न प्रकार के कचरे से कई सुंदर कलाकृतियां बनाई जा रहीं।
इसमें विश्व के सात अजूबे भी लोगों को आकर्षित करेंगे। पुरानी धार्मिक, ऐतिहासिक धरोहरों व क्रांतिकारियों की यादों को उकेरा जाएगा। मनोरंजन के साथ लोगों को कचरे से घरों के आसपास सुंदर परिवेश बनाने के लिए प्रेरित करेगा। करीब चार करोड़ 87 लाख रुपये का बजट खर्च किया जाना है।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका एक वेस्ट टू वंडर पार्क बना रही है। जिसके लिए मां मंगला काली मंदिर के समीप सात एकड़ जगह भी चिह्नित की गई है। प्रेम के प्रतीक व सात अजूबों में शामिल आगरा के ताजमहल की झलक भी यहां देखने को मिलेगी।
पार्क में अपशिष्ट उत्पादों का उपयोग किया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी राम आसरे कमल ने बताया कि पार्क का मुख्य उद्देश्य लोगों के घरों में बेकार पड़ी प्लास्टिक की बोतलें सहित विभिन्न प्रकार के कचरे के सामानों का सही उपयोग करना है।
प्लास्टिक कचरे को कम करने में मदद मिलेगी। नगर पालिका क्षेत्र में गाड़ियों के बेकार पड़े टायरों, प्लास्टिक व लोहे की बोतलों व डिब्बों से बने आकर्षक फूल व पौधे लोगों को खूब आकर्षित करेंगे।
यही नहीं, पार्क में पुरानी विरासतों को भी संजोए रखा जाएगा। क्रांतिकारी, बलिदानियों के साथ बीहड़ी क्षेत्रों में किसी समय आतंक का पर्याय रहे डकैतों की आकृतियों को भी दर्शाया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष अनूप कुमार गुप्ता का कहना है कि पार्क में कार्यों को कराया जा रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।