SIR in UP: अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में मिले साढ़े 13 हजार मृतक मतदाता, 90 प्रतिशत वोटरों का फीड हुआ गणना फॉर्म
उत्तर प्रदेश एसआईआर के दौरान अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में साढ़े 13 हजार से ज़्यादा मृतक मतदाता पाए गए हैं। साथ ही, 90 प्रतिशत मतदाताओं का गणना फॉर्म भ ...और पढ़ें

अयोध्या विस क्षेत्र में मिले साढ़े 13 हजार मृतक मतदाता।
प्रवीण तिवारी, अयोध्या। मतदाता सूची में कितनी विसंगतियां थीं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अयोध्या विधानसभा क्षेत्र में साढ़े 13 हजार मृतक मतदाताओं के नाम जुड़े पाए गए। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में यह बात सामने आई है। प्रकाशित होने वाली सूची में इन नामों को हटा दिया जाएगा।
अयोध्या विस क्षेत्र में ही लगभग एक लाख दस हजार मतदाता ऐसे मिले हैं, जो गैरहाजिर रहे या वे अन्यत्र मतदाता बनाना चाहते हैं या फिर दो से अधिक जगहों की मतदाता सूची में उनके नाम हैं।
चार सौ से अधिक बूथों पर विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य तीव्रता से जारी है। विधानसभा क्षेत्र के निर्धारित तीन लाख 86 हजार 205 मतदाताओं में से तीन लाख 74 हजार से अधिक मतदाताओं के उपलब्ध फॉर्म के जरिये इनका विवरण ऑनलाइन फीड कर दिया गया है।
बूथों पर गणना प्रपत्र भरवाने में बीएलओ-दो के रूप में सहयोग कर रहे राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं के माध्यम से यह आंकड़े सामने आए हैं। भाजपा जिला के महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव कहते हैं कि 90 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के गणना प्रपत्र फीड हो चुके हैं।
अयोध्या में बड़ी संख्या में ऐसे लोग मिले हैं, जो बाहर रहे रहे हैं और आने वाले समय में यहां के मतदाता बनने के लिए इच्छुक हैं। पहले इन जैसों का नाम दो जगह था। भाजपा के अलावा समाजवादी पार्टी के नेता भी इस दिशा में कार्य में लगे हैं।
प्रत्येक राजनीतिक दल के हजार से अधिक कार्यकर्ता बीएलओ-दो के रूप में तैनात किए गए हैं। इनमें चार सौ सपा और इतने ही भाजपा के हैं। बसपा के पदाधिकारी भी कहीं-कहीं पर बूथ लेवल एजेंट (बीएलओ) का सहयोग कर रहे हैं।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।