Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    1100 ड्रोन ने अयोध्या के आसमान में उकेरी 'रामकथा', अद्भुत नजारा देख चमक उठीं आंखें

    Updated: Sun, 19 Oct 2025 07:54 PM (IST)

    अयोध्या दीपोत्सव 2025 के दौरान राम की पैड़ी पर 'मेक इन इंडिया' के 1100 ड्रोनों द्वारा कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो ने रामायण के प्रसंगों को जीवंत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आसमान में राम और उनके जीवन से जुड़े दृश्यों की भव्य प्रस्तुति ने अनूठा दृश्य सृजित किया।  

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, अयोध्या। अयोध्या दीपोत्सव 2025 के भव्य आयोजन के दौरान राम की पैड़ी पर कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो ने बेजोड़ प्रस्तुति दी। 'मेक इन इंडिया' 1100 ड्रोन ने अयोध्या के आसमान में रामायण के विभिन्न प्रसंगों को इस तरह जीवंत किया मानो पूरा आकाश मर्यादा पुरुषोत्तम राम और उनसे जुड़े प्रसंगों से जीवंत हो उठा। रामायण के विभिन्न प्रसंगों की झलकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    ड्रोन ने आकाश में उकेरी अद्भुत आकृतियां

    कोरियोग्राफ्ड म्यूजिकल ड्रोन शो, दीपोत्सव-2025 की विशेष प्रस्तुतियों में से एक रहा। ड्रोन शो में भगवान राम और रामायण से जुड़े प्रसंगों की प्रस्तुति हुई, जिसमें 'जय श्रीराम', धनुषधारी श्री राम, संजीवनी पर्वत उठाए हनुमान, रामसेतु और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर जैसी मनमोहक आकृतियां उकेरी गई। आवाज और संगीत के बेहतर संतुलन ने राम की पैड़ी पर अनुपम दृश्य प्रस्तुत किया। पैड़ी के तट से लेकर सरयू घाट तक हर दिशा में प्रकाश, ध्वनि और भावनाओं का जनज्वार देखने को मिला।

    हर उभरती आकृति पर 'जय श्री राम' की गूंज 

    राम की पैड़ी पर आयोजित बहुप्रतीक्षित ड्रोन शो ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आस्था और आधुनिक तकनीक के संगम से सजे इस दृश्य को देखने बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। पूरा वातावरण 'जय श्रीराम' के उद्घोषों से गूंज उठा। 

    आसमान में 1,100 ड्रोन द्वारा जब रामायण के प्रसंगों की झलकियां उभरने लगीं, तो हर आकृति पर तालियों की गड़गड़ाहट और खुशी के स्वर गूंज उठे। दृश्य इतना मनमोहक रहा, कि क्षणभर को ऐसा लगा मानो स्वर्ग धरती पर उतर आया हो। दीपोत्सव के मुख्य आयोजन से एक दिन पूर्व हुए इस भव्य ड्रोन शो ने अयोध्या नगरी को दीपमय उत्सव की भावनाओं से भर दिया। 

    ड्रोन शो में उत्साह चरम पर

    पिछले वर्ष अयोध्या दीपोत्सव में पहली बार 500 ड्रोन ने आकाश में भव्य प्रस्तुति दी थी, जिसे श्रद्धालुओं और दर्शकों ने अत्यंत सराहा था। इस वर्ष दीपोत्सव के नौवें संस्करण में यह आकर्षण और भी भव्य रूप में सामने आया है। इस बार स्वदेश निर्मित 1100 ड्रोन रामायण के विभिन्न प्रसंगों की झलकियां प्रस्तुत कर रहे हैं। आकाश में सजीव होती ये अद्भुत कलाकृतियां दर्शकों के लिए एक दिव्य और अविस्मरणीय अनुभव बना रही हैं। दीपोत्सव 2025 को लेकर अयोध्या में लोगों का उत्साह चरम पर रहा।