Ayodhya Weather: दो दिन छाए रहेंगे बादल, बढ़ेगी ठंड; मौसम विभाग ने दिया अपडेट
अयोध्या में मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक बादल छाए रहने और ठंड बढ़ने की संभावना जताई है। बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आएगी, जिससे ठंड का असर बढ़ेगा। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।
-1762267208660.webp)
जागरण संवाददाता, अयोध्या। अयोध्या में बुधवार और गुरुवार को बदली छाये रहने की संभावना है। हालांकि, बारिश होने की संभावना नहीं है। वहीं, मंगलवार को चार दिनों बाद तापमान सामान्य स्तर पर आया।
बीते शनिवार से ही दिन का तापमान सामान्य से कम चल रहा था, लेकिन मंगलवार को दिन में धूप निकलने से पारा सामान्य स्तर पर गया। हालांकि, आने वाले दिनों में ठंड बढ़ेगी। कारण यह है कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसका प्रभाव दो दिन रहेगा। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होगी, जिससे मैदानी इलाकों में ठंड में बढ़ोतरी होगी।
बीते गुरुवार व शुक्रवार को मोंथा तूफान के कारण जिले में अच्छी बारिश हुई थी, जिसके बाद से दिन का तापमान लगातार कम था। मंगलवार को हवा की दिशा उत्तरी पूर्वी रही, जिसकी गति दो किलोमीटर प्रति घंटे रही।
आचार्य नरेंद्रदेव कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार बादल छाने से रात के तापमान में बढ़ोतरी होगी। विभागाध्यक्ष प्रो. सीताराम मिश्र ने बताया कि राज्य के पश्चिमी जिलों में हल्की बारिश भी होने की संभावना है, लेकिन पूर्वी जिलों में सिर्फ बदली रहेगी। मंगलवार को अधिकतम तापमान 30.5 व न्यूनतम 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। दोनों ही सामान्य स्तर पर है। अधिकतम आर्द्रता 86 व 64 प्रतिशत रही।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।