Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    अयोध्या चढ़ावा चोरी मामले में बड़ा एक्शन, छह आरोपियों के ठिकानों पर छापेमारी… अब तक क्या-क्या मिला?

    Updated: Sun, 28 Jun 2026 09:46 PM (GMT+05:30)

    चढ़ावा चोरी मामले के छह आरोपियों के सात ठिकानों पर पुलिस ने छापेमारी की, जिसमें संपत्ति के कागजात, आभूषण और नकदी बरामद हुई। ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    HighLights

    1. चढ़ावा चोरी के छह आरोपियों के सात ठिकानों पर छापेमारी।

    2. पुलिस ने संपत्ति के कागजात, आभूषण और नकदी जब्त की।

    3. आरोपियों के वित्तीय निवेश और बैंक खातों की जांच जारी।

    जागरण संवाददाता, अयोध्या। चढ़ावा चोरी मामले के आरोपितों पर शिकंजा कसता जा रहा है। उनके जेल जाने के एक दिन बाद रविवार को छह आरोपितों के सात अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की गई।

    पुलिस की छह टीमों ने आरोपितों के घर पहुंच परिजनों से पूछताछ की और संपत्ति खरीद व निवेश से संबंधित कागजात खंगाले। साक्ष्य के तौर पर इसकी प्रति भी सुरक्षित की।

    विवेचक क्षेत्राधिकारी अयोध्या आशुतोष त्रिपाठी के निर्देशन में हुई छापेमारी में विभिन्न मदों में किए गए निवेश, संपत्ति खरीद, ज्वैलरी, क्रेडिट व डेबिट कार्ड, बैंक पासबुक सहित अन्य प्रपत्र और बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई है। हालांकि पुलिस ने नकदी व आभूषण की विस्तृत जानकारी नहीं दी।

    कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही

    बताया जा रहा कि पुलिस टीमें आरोपितों की ट्रस्ट में तैनाती के समय से वित्तीय निवेश खंगाल रही हैं। देखा जा रहा कि इन लोगों ने किन-किन मदों में निवेश किया है। इसके लिए बैंक खाते का विवरण व मोबाइल की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।

    रविवार सुबह लगभग साढ़े दस बजे सीओ के निर्देशन में पुलिस टीम सबसे पहले अयोध्या के स्वर्गद्वार मोहल्ला स्थित रामशंकर यादव टिन्नू व उसके भतीजे मनीष यादव के घर पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने अगल-बगल स्थित दोनों घरों को खंगाला। टिन्नू के घर पर पत्नी पूनम यादव व रिश्तेदार मिले।

    सीओ ने घर में जाकर बड़ी देर तक कागजातों की पड़ताल की और पुलिस कर्मियों ने कमरों की तलाशी ली। बताया जा रहा कि टिन्नू के यहां से निवेश व खरीद संबंधी कागजात और आभूषण मिले हैं, जिन्हें कब्जे में ले लिया गया है। कुछ नकदी भी मिली है।

    खबरें और भी

    दूसरी टीम ने नयाघाट स्थित रमाशंकर मिश्र के घर छापेमारी की। यहां मिले स्वजनों व पड़ोसियाें से पूछताछ की गई और कागजात देखे गए। कौशलपुरी कॉलोनी में पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने आरोपित अविनाश शुक्ल व अनुकल्प मिश्र के आवास पर छापेमारी की।

    अविनाश के भाई ने कहा- मैं उसके साथ नहीं

    अनुकल्प के घर पर मिली बहन व अन्य स्वजनों से पूछताछ की गई और विभिन्न प्रकार के कागजात जब्त किए गए। वहीं, अविनाश के घर मिले भाई अभिषेक शुक्ल से घंटों पूछताछ की गई। इस दौरान उसने कहा, उसे नहीं पता कि भाई क्या करता था? अगर उसने चोरी की है, तो सजा जरूर मिलेगी। मैं उसके साथ नहीं खड़ा होऊंगा।

    वहीं, एक अन्य आरोपित लवकुश मिश्र के रुदौली कोतवाली क्षेत्र के ठाकुरान फगौली के घर पहुंची पुलिस ने उसके बाबा जगदंबा प्रसाद मिश्रा से पूछताछ की। परिवार से जुड़ी विभिन्न जानकारी जुटाई।

    शुजागंज प्रतिनिधि के अनुसार, उपनिरीक्षक अभिषेक सिंह व दो आरक्षी दिनभर डटे रहे। हाल ही में तीर्थ यात्रा से लौटे जगदंबा प्रसाद ने नाती लवकुश का बचाव करते हुए दावा किया कि वह निर्दोष है। बड़े लोगों को बचाने के लिए छोटे कर्मचारियों को फंसाया जा रहा।

    रुदौली कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय मौर्य ने बताया कि लवकुश की संपत्ति से संबंधित ब्योरा जुटाया जा रहा है। लवकुश का साले और इस प्रकरण के मास्टरमाइंड अनुकल्प मिश्र के मिल्कीपुर के बसावां गांव स्थित पैतृक घर पर भी छापेमारी हुई।

    मिल्कीपुर प्रतिनिधि के अनुसार, इनायतनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह के नेतृत्व में छापेमारी के समय उसके बुजुर्ग बाबा व दादी मिले। परिवार का कोई अन्य सदस्य नहीं मिला। बाबा व दादी को घटना की कोई जानकारी नहीं है। पुलिस ने घर में जाकर कमरों की तलाशी भी ली। इस दौरान कुछ हाथ नहीं लगा। पड़ोसियों ने पूछताछ में कुछ नहीं बताया।

    रिटायर्ड बैंककर्मी के घर पहले ही हुई थी छापेमारी

    गणना इंचार्ज रहे रिटायर्ड बैंककर्मी सुभाष चंद्र श्रीवास्तव के देवकॉल स्थित घर पर पुलिस टीम ने शुक्रवार को ही छापेमारी की थी, परंतु उनके घर से न तो कोई नकदी बरामद हुई, न ही आभूषण या अन्य प्रपत्र मिलने की सूचना है।

    यह भी पढ़ें- अयोध्या में चढ़ावा चोरी के प्रकरण में SIT के बाद पुलिस का एक्शन, जेल भेजे गए आरोपितों के घर पर छापेमारी

    यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी: गणना कार्य से जुड़ते ही आरोपियों की आर्थिक स्थिति में आया था बदलाव, SIT जांच में बड़ा खुलासा