Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    UP Flood Alert: यूपी में बाढ़ का खतरा! नदी का पानी देख ग्रामीणों को भी लगने लगा डर, हर घंटे बढ़ रहा जलस्तर

    Updated: Fri, 01 Aug 2025 06:16 PM (IST)

    आजमगढ़ के सगड़ी तहसील में सरयू नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है जिससे तटवर्ती गांवों में चिंता बढ़ गई है। बदरहुआ गेज पर 57 सेमी की वृद्धि दर्ज हुई है। कटान से किसानों की भूमि नदी में विलीन हो रही है और आवागमन बाधित हो रहा है। प्रशासन अलर्ट है और आश्रय स्थल स्थापित किए गए हैं ताकि प्रभावित लोगों को मदद मिल सके।

    Hero Image
    डिघिया पर न्यूनतम गेज से 61 सेमी ऊपर पर पहुंची सरयू नदी

    जागरण संवाददाता, रौनापार( आजमगढ़)। सगड़ी तहसील के उत्तर देवारा में बहने वाली सरयू नदी के जलस्तर में दो दिनों से वृद्धि जारी है। प्रति घंटा दो सेंटीमीटर की रफ्तार से जलस्तर बढ़ रहा है। 24 घंटे के अंदर बदरहुआ गेज पर 57 सेंटीमीटर की वृद्धि दर्ज की गई। डिघिया गेज पर न्यूनतम जलस्तर 68.90 मीटर से 61 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नदी का जलस्तर बढ़ने से महुला-गढ़वल बांध के तटवर्ती गांवों के लोगों की बेचैनी बढ़ती जा रही है। उधर, तमसा नदी के जलस्तर में कमी दर्ज की गई। गुरुवार को न्यूनतम गेज 71.62 मीटर के नीचे 66.480 मीटर पर जलस्तर था, जो शुक्रवार को 66.390 मीटर पर रिकार्ड किया गया।

    देवारा में सरयू नदी का जलस्तर बढ़ने से सहबदिया ,परसिया, गांगेपुर, उर्दिहा गांवों के पास कटान हो रही है। किसानों का कहना है की जलस्तर फिर बढ़ने से कटान हो रही है। सरयू नदी में पूर्व में आई बाढ़ से देवारा खास राजा, सहबदिया,गांगेपुर, उर्दिहा आदि गांवों की सैकड़ों एकड़ भूमि नदी की धारा में विलीन हो गई।

    बाढ़ आने से तटवर्ती गांव चक्की हाजीपुर, देवारा खास राजा, भदौरा, शाहडीह, अभ्भनपट्टी, बांका , सोनौरा, अजगरा, अचल नगर आदि गांव के लोगों के रास्ते पर पानी भर जाने से आवागमन में दिक्कत होती है। कई किलोमीटर की दूरी नाव से पार करते हैं। सबसे ज्यादा समस्या पशुओं के चारे की हो जाती है।

    बाढ़ को लेकर जिला व तहसील प्रशासन अलर्ट है। महुला-गढ़वल बांध पर स्थापित 10 बाढ़ चौकियों पर तैनात संबंधित विभागों के कर्मचारी मुस्तैद हैं। बाढ़ के समय प्रभावित लोगों के लिए 14 परिषदीय व निजी विद्यालयों में आश्रय स्थल स्थापित किए गए हैं।

    गुरुवार शाम चार बजे बदरहुआ गेज पर नदी का जलस्तर 69. 68 मीटर पर था, जो शुक्रवार शाम चार बजे 70. 25 मीटर पर रिकार्ड किया गया। 24 घंटे में बदरहुआ गेज पर नदी का जलस्तर 57 सेंटीमीटर बढ़ा है। गुरुवार शाम चार बजे डिघिया नाला पर न्यूनतम गेज 68.90 मीटर से चार सेमी बढ़कर जलस्तर 68.94 मीटर पर था तो शुक्रवार शाम चार बजे जलस्तर 69.51 मीटर पर दर्ज किया गया।