ड्राइवर-कंडक्टर की छुट्टियां निरस्त, दिवाली के लिए दिल्ली रूट पर लगाई जाएंगीं ए श्रेणी की बसें; जहरखुरानी पर नजर
बदायूं डिपो ने दिवाली के लिए तैयारी पूरी कर ली है। दिल्ली रूट पर ए श्रेणी की बसें और अनुभवी कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए दस अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी। जहरखुरानी गिरोह से बचाने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी और सभी कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं।

प्रस्तुतीकरण के लिए सांकेतिक तस्वीर का प्रयोग किया गया है।
जागरण संवाददाता, बदायूं। दिवाली के त्योहार को लेकर परिवहन निगम की तैयारियां पूरी हो गई हैं। प्रमुख ए श्रेणी के रूट पर ए श्रेणी की बसें और चालक परिचालकों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें सर्वाधिक बसों का संचालन दिल्ली रूट पर होगा। इस रूट पर दस अतिरिक्त बसें भी लगाई जाएंगी। इसके अलावा बदायूं बस स्टैंड से लेकर आनंद बिहार बस स्टैंड पर भी कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। त्योहार को लेकर सभी चालक-परिचालकों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं।
बदायूं डिपो के पास ए श्रेणी की 71 बसें, दस अतिरिक्त बसों का किया जाएगा संचालन
दीवाली समेत आगामी पर्व के मद्देनजर परिवहन निगम अपनी तैयारियों में जुटा है। जिले से यात्रियों का सर्वाधिक आवागमन दिल्ली या इसी रूट से जुड़े शहरों से होता है। दीवाली त्योहार पर लाखों की संख्या में यात्रियों का बदायूं के लिए आवागमन होगा। इस लिहाज से परिवहन निगम ने दिल्ली रूट पर ए श्रेणी की बसों के संचालन का निर्णय लिया है। जिससे यात्रियों की यात्रा सुगम हो सके। जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
दिल्ली समेत अन्य रूटों पर बढ़ेंगे बसों के फेरे
दीवाली से पहले जिले में रोडवेज बसों के दिल्ली समेत अन्य रूट पर फेरे भी बढ़ाए जाएंगे। इसके लिए अधिकारी बसों के फेरे बढ़ाने की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं। जिसमें दिल्ली रूट पर ही दस अतिरिक्त बसों का संचालन किया जाना तय किया गया। बदायूं डिपो से अलग-अलग रूटों पर करीब 106 बसों का संचालन किया जा रहा है। जबकि 71 बसों का संचालन दिल्ली रूट पर होता है। आमूनन दीपावली पर सभी लोग अपने-अपने घर लौटते है।
इसलिए, त्योहार पर रोडवेज बसों में सफर करने वाले यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। इस वजह से 71 बसों के अलावा दस अतिरिक्त बसों का संचालन इसी रूट पर किया जाएगा। यह बसें भी ए श्रेणी की होगी। इसके अलावा त्योहार के मौके पर देर शाम तक यात्रियों को बस मिल सकेंगी। इसके लिए बदायूं स्टैंड पर बस संचालन के लिए विशेष काउंटर की व्यवस्था की जाएगी। जिससे यात्री अपनी मंजिल तक आराम और समय से पहुंच सके।
ए श्रेणी के चालक-परिचालक करेंगे जहरखुरानी गिरोह पर निगरानी
परिवहन निगम ने ए श्रेणी की बसों के संचालन के साथ ही इन बसों पर ए श्रेणी के चालक परिचालक तैनात किए है। दरअसल, दीवाली के त्योहार पर रोडबसों में जहरखुरानी गिरोह सक्रिय हो जाते है। वह दिल्ली समेत अन्य शहरों से आने वाले यात्रियों को अपना शिकार बना लेते है। ऐसे में लोगों की महीनों की मेहनत से कमाई पूंजी को जहरखुरानी गिरोह के सदस्य साफ कर ले जाते है। इस लिहाज से परिवहन निगम ने दिल्ली रूट की बसों पर ए श्रेणी के अनुभवी चालक परिचालकों को तैनात किया है।इससे चालक परिचालक जहरखुरानी की घटनाओं को रोकने के लिए गिरोह के सदस्यों पर निगरानी रख सकें।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।