Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बदायूं के इस्लामनगर में युवक को पेड़ से बांधकर जलाने का प्रयास, पुलिस जांच में सामने आया नया मोड़

    Updated: Fri, 07 Nov 2025 08:19 PM (IST)

    इस्लामनगर में एक युवक को पेड़ से बांधकर जलाने की कोशिश की गई। पुलिस जांच में इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस तेजी से जांच कर रही है ताकि दोषियों को जल्द से जल्द पकड़ा जा सके।

    Hero Image

    संवादसूत्र, जागरण, इस्लामनगर। नगर में एक युवक को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने के प्रयास का मामला सामने आया है। उसके स्वजन का आरोप है कि युवक शुक्रवार सुबह नमाज पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान नगर के तीन लोग उसे पकड़ कर ले गए और उन्होंने इस्माइलपुरा के नजदीक पेड़ से बांधकर पेट्रोल डालकर आग लगा दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रस्सी जलने पर वह घर छूटकर आया, तब उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से चंदौसी और बाद में उसे अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसके पिता ने तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है, जिस पर पुलिस में तीनों आरोपितों को हिरासत में ले लिया है और तीनों ही आरोपित नाबालिग बताए जा रहे हैं।

    नगर के मुहल्ला मुस्तफाबाद नई बस्ती निवासी 18 वर्षीय महबूब पुत्र सत्तार गौसिया मस्जिद के नजदीक मदरसे में पढ़ता है। उसके पिता सत्तार का कहना है कि वह गुरुवार सुबह मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। इसी दौरान नगर के तीन लोगों से मस्जिद में बैठने को लेकर विवाद हो गया था। उन लड़कों ने महबूब के साथ मारपीट कर दी थी। तब वहां मौजूद लोगों ने बीच बचाव कर दिया था।

    रोजाना की तरह शुक्रवार को भी महबूब जल्दी उठ गया था और सुबह करीब सात बजे नमाज पढ़ने चला गया। उनका आरोप है कि सुबह 7:30 बजे जब वह गौसिया मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहा था। तभी तीनों आरोपित उसे पकड़कर इस्माइलपुरा में मंदिर के पीछे जंगल में ले गए। वहां उसे पेड़ से रस्सी से बांध दिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे युवक गंभीर रूप से झुलस गया।

    फिर आरोपित मौके से फरार हो गए। जब रस्सी जली तो युवक दौड़ता हुआ घर आया। उसकी हालत काफी गंभीर थी। वह उसे तत्काल और रुदायन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां से उसे चंदौसी रेफर कर दिया गया। इसकी सूचना पर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भी पहुंच गए। चंदौसी के नायब तहसीलदार रजत कुमार ने निजी अस्पताल पहुंचकर उसके बयान भी दर्ज किए।

    उसके बाद वहां से युवक को अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। इधर पिता ने तीन लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। उन्होंने जिन लोगों के नाम बताएं हैं। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। बताया जा रहा है कि तीनों ही आरोपित नाबालिग हैं और वो भी महबूब के साथ मदरसे में पढ़ते हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। अभी मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है।

    पुलिस के मुताबिक- खुद पेट्रोल लेकर आया था युवक, सीसीटीवी कैमरे में कैद

    पुलिस अपनी छानबीन के अनुसार इसको आत्मदाह की कोशिश का मामला मान रही है। पुलिस अधिकारियों को कहना कि युवक शुक्रवार सुबह झुलसने से पहले पेट्रोल पंप पर गया था और वहां उसने पंप के सेल्समैनों को बताया था कि उसकी बाइक में पेट्रोल खत्म हो गई है, जिससे वह बोतल में पेट्रोल लेने आया है। वह करीब आधा लीटर पेट्रोल लेकर आया था। पेट्रोल लाने के दौरान वह सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस उसके आधार पर मान रही है कि युवक ने खुद ही आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास किया है।

     

    इस्लामनगर में एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में झुलस गया है। उसके स्वजन तीन लोगों पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का आरोप लगा रहे हैं लेकिन युवक खुद ही पंप से पेट्रोल लाते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। इससे लग रहा है कि उसने खुद ही पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया है। बताया जा रहा है कि उसकी मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं है। मुरादाबाद से उसका उपचार चल रहा है। इसकी जांच कराई जा रही है। उसके ही आधार पर इसमें कार्रवाई होगी।

    - डा. हृदेश कुमार कठेरिया, एसपी देहात