एक फॉर्मूले ने बढ़ाई रोडवेज की आमदनी, पिछले साल से 60 लाख अधिक मुनाफा
बदायूं डिपो ने बसों के रूट विस्तार करके वर्ष 2025 में 60 लाख रुपये की आय वृद्धि दर्ज की है। अधिकारियों ने कम आय वाले मार्गों पर बसों को आगे बढ़ाया जिससे डिपो को लाभ हुआ। अवैध टैक्सियों से प्रतिस्पर्धा के बावजूद इस फार्मूले से यात्रियों को भी सुविधा मिली है। दीपावली और शादी सीजन में और अधिक आय की उम्मीद है।

जागरण संवाददाता, बदायूं । वर्ष 2025 भले ही किसी की उम्मीदों पर खराब न उतरा हो, लेकिन यह वर्ष राज्य सड़क परिवहन निगम के लिए काफी फायदे का रहा है। अधिकारियों के एक फार्मूले ने डिपो की आय में 60 लाख तक की वृद्धि की है।
इनकम बढ़ाने के पीछे विभागीय अधिकारियों की योजना रही थी कि जिन रूट से पर्याप्त इनकम नहीं आ रही है। उन मार्गों पर चल रही बसों को आगे तक बढ़ा दिया गया। उसी का यह परिणाम है कि डिपो की आय में लगातार वृद्धि हो रही है।
बदायूं जनपद के कई रोड ऐसे हैं, जिन पर अवैध टैक्सियां दौड़ रही हैं और उन रोड पर राज्य सड़क परिवहन निगम की बसें भी संचालित हैं। क्योंकि डागामार वाहनों में रोडवेज बसों की अपेक्षा कम किराया लिया जाता है, जिसकी वजह से लोग उन गाड़ियों में लोग अधिक बैठते हैं।
बदायूं डिपो के अधिकारियों ने निकाला फॉर्मूला
बदायूं डिपो के अधिकारियों ने जब इस बात पर मंथन किया तो फार्मूला निकाला गया कि भले ही इन मार्गों पर इनकम पर्याप्त नहीं आ रही है लेकिन यदि इन बसों का सफर आगे को और बढ़ा दिया जाए तो बेहतर रहेगा। अधिकारियों का यह फार्मूला सफल रहा है। उन्होंने अच्छी इनकम न आने वाले मार्गों पर दौड़ रही बसों को आगे बढ़ा दिया गया। हर रोज और साप्ताहिक होने वाली समीक्षा में यह निकलकर सामने आया कि बसों को आगे बढ़ाने से इनकम अच्छी आ रही है।
बदायूं डिपो के अधिकारियों ने बताया कि छोटे मार्गों पर चल रही बसों को आगे बढ़ा दिए जाने के फलस्वरुप डिपो को इस वर्ष 60 लाख रुपये तक की आमदनी हुई है और वर्ष के अंत तक इसमें और भी ज्यादा वृद्धि हो सकती है। उसकी वजह यह भी है कि अगले माह दीपावली का पर्व है। शादी का सीजन भी शुरू हो जाएगा, ऐसे में लोग अधिक सफर करते हैं।
अधिकारियों का यह भी कहना है कि नए फार्मूले से जहां डिपो को लाभ हुआ है। वहीं यात्रियों को भी किसी तरह की कोई दिक्कत नहीं हुई है और उन लोगों को भी अधिक फायदा हो गया है, जहां तक बसों को आगे बढ़ाया गया है। बताया कि इसी तरह इनकम बढ़ाने के लिए डिपो और भी योजनाओं पर काम कर रहा है।
ये आगे बढ़ाई गईं बसें
- बदायूं- दातागंज से दिल्ली, शाहजहांपुर
- बदायूं- बिसौली से रामपुर
- बदायूं- बिसौली से मुरादाबाद, दिल्ली
- बदायूं- बिल्सी से दिल्ली
- बदायूं- सहसवान से बहजाेई
- बदायूं-गढ़िया रंगीन से दिल्ली
सरकार की मंशा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देना है। यात्रियों को समय पर बस मिल जाए। इसके लिए बदायूं डिपो ने कुछ बदलाव किए थे। इसकी वजह से डिपो को इस बार काफी मुनाफा हुआ है और उम्मीद है कि इसी तरह इनकम देता रहेगा। यात्रियों को बेहतर यातायात व्यवस्था देने के लिए वह हर समय प्रयासरत रहते हैं। डिपो की गाड़ियां जिले के लगभग सभी मार्गों पर चल रही हैं और लोगों को उनका फायदा मिल रहा है। - राजेश पाठक, एआरएम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।