15 दिन से लापता किशोर की जंगल में लटकती मिली लाश, जीजा पर कत्ल करने का आरोप
बदायूं के कादरचौक में 15 दिन से लापता बरेली के किशोर का शव जंगल में मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। किशोर अपनी बहन के घर रहता था और कुछ समय पहले ही कादरचौक आया था। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी। चाचा ने बहनोई पर मारपीट का आरोप लगाया है।

जागरण संवाददाता, बदायूं । पिछले 15 दिन से लापता बरेली के एक किशोर का शव शुक्रवार सुबह कादरचौक कस्बे के नजदीक जंगल में फंदे से लटका मिला। स्वजन उसे लगातार तलाश कर रहे थे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसकी सूचना पर पहुंचे चाचा ने उसके बहनोई पर ही हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि इसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ होगी।
बरेली जिले के आंवला कोतवाली क्षेत्र के गांव मधपुरा निवासी 14 वर्षीय राजू पुत्र नवल किशोर शर्मा करीब आठ साल से अपनी बहन सोनी के घर शाहजहांपुर के परौर कस्बे में रह रहा था। उसके चाचा हंसराज शर्मा ने बताया कि राजू के माता-पिता नहीं है।
उनकी कोरोना काल के दौरान मृत्यु हो गई थी। राजू दो भाइयों में छोटा था। उसका बड़ा भाई राजा बाहर काम करता है। राजू को उसकी बहन और बहनोई ने ही पाल पोशकर बड़ा किया था। करीब डेढ़ माह पहले उसको कादरचौक निवासी दूसरे बहनोई सोनू अपने घर ले आए थे। तब से राजू कादरचौक में ही रह रहा था लेकिन करीब 15 दिन पहले वह अचानक लापता हो गया। उसके बाद से स्वजन लगातार उसको तलाश कर रहे थे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला था।
ऐसे लाश का पता लगा
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह कस्बे का एक युवक नजदीकी जंगल में शौच के लिए गया था। तब उसने झाड़ियाें में दुर्गंध आती महसूस की। उसने नजदीक में जाकर देखा तो वहां किशोर का शव फंदे से लटका हुआ था।
उसकी सूचना पर कस्बे के तमाम लोग पहुंच गए और बाद में थाना पुलिस भी आ गई। उसके शव को फंदे से उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया। उसका शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है।
उसके चाचा हंसराज ने कादरचौक निवासी उसके बहनोई पर ही हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि बहनोई अक्सर उसकी बहन के साथ मारपीट करता था और राजू उसका विरोध करता था। अभी उन्होंने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
14 वर्षीय राजू अभी कादरचौक में रह रहा था। उसकी दूसरी बहन भी उसे अपने पास रखना चाहती थी। अभी किसी ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। इसमें पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी। - बारिश खान, प्रभारी थाना अध्यक्ष कादरचौक
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।