केशव प्रसाद मौर्य का सख्त निर्देश: गोशालाओं में CCTV लगाएं, सड़क पर आवारा गोवंश न दिखें
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने गोशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि निराश्रित गोवंश सड़कों पर न दिखें। उन्हो ...और पढ़ें
-1765388187161.webp)
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को प्रतीक चिन्ह देते अधिकारी
जागरण संवाददाता, बदायूं। उप्र के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य बुधवार को जिले में रहे। उन्होंने कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों के साथ विकास व कानून व्यवस्था की बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को गंभीरतापूर्वक व निष्ठा से कार्य करने के लिए कहा। कहा कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित भारत बन जाएगा तथा उत्तर प्रदेश भी विकसित उत्तर प्रदेश होगा।
उन्होंने कहा कि जिस विभाग की शिकायत प्राप्त हो उसकी जांच के आदेश उसी अधिकारी को न दिए जाएं। उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस व थाना समाधान दिवस आदि पर प्राप्त शिकायतों का गंभीरतापूर्वक निस्तारण करने के लिए निर्देश दिए। शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता व समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि चकमार्ग पर अवैध कब्जे व सरकारी जमीनों पर कब्जे की शिकायतें लखनऊ तक आती हैं, इसलिए अधिकारी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक लें। उन्होंने कहा कि चकमार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायतों के लिए विशेष अभियान चलाकर इसका निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अमृत सरोवरो को जगमग किया जाए यह सरकार का एक महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने जिले में पर्यटन की असीम संभावनाएं जताईं।
डिप्टी सीएम ने सीमांकन कराने के आवेदनों की जानकारी ली। जिस पर डीएम अवनीश राय ने बताया कि 90 दिन से पुराना कोई मामला लंबित नहीं है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मामलों का निस्तारण पूरी गंभीरता से किया जाए। उन्होंने धान खरीद की स्थिति के बारे में पूछा। कहा क्रय केन्द्रों का औचक निरीक्षण कराएं।
डीएम ने बताया कि जिले में 37 हजार मीट्रिक टन का लक्ष्य मिला है। जो कि बरेली मंडल में सबसे कम है। डीएम ने बताया कि लक्ष्य पूर्ति के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने खाद की उपलब्धता की जानकारी भी ली। कहा कि प्रदेश में खाद की कोई कमी नहीं है।खाद के लिए किसानों को परेशानी ना हो यह सुनिश्चित किया जाए।
परिषदीय विद्यालयों में यूनिफार्म जूते-मोजे के वितरण की स्थिति जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से जानी। कहा की स्कूली ड्रेस (यूनिफार्म) बनाने के लिए स्वयं सहायता समूह की दीदीयों को प्रेरित किया जाए। साथ ही अभिभावकों को भी प्रेरित किया जाए जिससे स्वयं सहायता समूह की दीदीयां लखपति दीदी और आत्मनिर्भर बन सकें।
उप मुख्यमंत्री ने हर घर नल से जल की स्थिति की जानकारी ली ओर जिले के सभी ब्लाक के दस-दस ग्राम सभाओं का निरीक्षण कराने के निर्देश दिए। ऐसे गांवा का निरीक्षणण् कराने को कहा जिनमें शतप्रतिशत कार्य पूर्ण होकर जल की आपूर्ति की जा रही हो। ताकि वस्तु स्थिति स्पष्ट हो सके।
उन्होंने विद्युत वितरण की स्थिति तथा ट्रांसफार्मर बदलने की स्थिति को जाना तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया।उप मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी को विद्युत विभाग की अलग से समीक्षा करने के लिए भी निर्देशित किया। उन्होंने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से गो आश्रय स्थलों की स्थिति को जाना।
कहा कि सड़क पर निराश्रित गोवंश नजर नहीं आना चाहिए। जो गोशालाएं निर्माणाधीन हैं उसका कार्य जल्द पूर्ण कराया जाए तथा गो आश्रय स्थलों पर सीसीटीवी भी आवश्यक रूप से लगाए जाएं। प्रधानमंत्री आवास योजना व मुख्यमंत्री आवास योजना में पात्रों का चिन्हांकन ठीक प्रकार से कराने के लिए निर्देशित किया।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं में विधवा महिलाओं व दिव्यांगजनों को भी लाभ दिया जाता है इसलिए पात्रों का चयन ठीक प्रकार से किया जाए।अधिकारी अपना कार्य पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा व लगनशीलता के साथ करें तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जनपद में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि बदायूं प्रदेश में विकास कार्यों में अव्वल स्थान पर आए इसलिए अधिकारी पूरी निष्ठा के साथ कार्य करें। समीक्षा बैठक के दौरान सीडीओ केशव कुमार ने बताया कि भारत सरकार द्वारा आकांक्षात्मक ब्लाक के रूप में देश के पांच सौ ब्लाकों के लिए छह जोन बनाए गए हैं, जिसमें द्वितीय जोन में पंजाब व उत्तर प्रदेश के लगभग 85 ब्लाक हैं।
इनमें से डेल्टा रैंकिंग में जिले के अंबियापुर ब्लाक को द्वितीय पुरस्कार मिला है, जिसके तहत इस ब्लाक को एक करोड़ रुपये की धनराशि विकास कार्यां के लिए अलग से दी जाएगी। डिप्टी सीएम ने ब्लाक अंबियापुर के चुने जाने पर अधिकारियों को बधाई दी तथा बीडीओ शैली गोविल व केंद्र सरकार के शोधार्थी आशीष वर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया।
इससे पहले कलेक्ट्रेट आगमन पर उपमुख्यमंत्री को गार्ड आफ आनर दिया गया। डीएम एसएसपी ने उनको राम दरबार स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट किया। इस अवसर पर बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, जेके सक्सेना, भाजपा उपाध्यक्ष शारदेंदु पाठक आदि मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।