विधानसभा चुनाव 2027 के लिए शिवपाल सिंह ने कही ऐसी बात, खुशी से झूम गए कार्यकर्ता
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने दहगवां में एक होटल का उद्घाटन किया। उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में सपा की जीत का दावा करते हुए भाजपा सरकार पर किसानों की जमीन हड़पने का आरोप लगाया। सहसवान विधायक बृजेश यादव ने होटल से ग्रामीणों को होने वाली सुविधा के बारे में बताया, वहीं सांसद आदित्य यादव ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया।

शिवपाल सिंह यादव। जागरण
संवाद सूत्र जागरण। दहगवां। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं जसवंतनगर विधायक शिवपाल सिंह यादव रविवार को दहगवां चौराहे पर एक होटल एवं मैरिज होम का उद्घाटन करने पहुंचे। यहां उन्होंने कहा, कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश की सभी सीटों पर समाजवादी पार्टी का कब्जा होगा। जनता भाजपा की नीतियों से त्रस्त है और अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में कुछ अधिकारी और नेता किसानों की जमीन हड़पने में लगे हुए हैं। ऐसे लोगों के नाम नोट कर लिए गए हैं। समय आने पर ब्याज सहित सब कुछ वापस लिया जाएगा।
शिवपाल बोले- भाजपा सरकार में कुछ अधिकारी और नेता किसानों की जमीन हड़पने में लगे
दहगवां चौराहे पर एक होटल एवं वेंकट का उद्घाटन के बाद सहसवान विधायक बृजेश यादव ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस होटल व मैरिज हाल से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी। पहले लोग बैलगाड़ी और ट्रैक्टर से बरात लेकर जाते थे, रास्ते कच्चे होने के कारण काफी दिक्कतें आती थीं, लेकिन अब यह समस्या दूर हो जाएगी।
आदित्य यादव ने कही ये बात
इस दौरान सपा सांसद आदित्य यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव हमने मजबूती से लड़ा और जनता ने हमारा साथ दिया। अब विधानसभा चुनाव में भी कार्यकर्ता एकजुट होकर मैदान में उतरें। हवा में नहीं, जमीन पर उतरकर चुनाव लड़ें। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री और विधायक ओंकार सिंह यादव, पूर्व सांसद सलीम इकबाल शेरवानी, गुन्नौर विधायक रामखिलाड़ी सिंह यादव, पूर्व विधायक आरके शर्मा, जिला अध्यक्ष संभल असगर अंसारी, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ऋषिपाल सिंह यादव, नरोत्तम सिंह, नवाब सिंह, पूरन सिंह मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।