पक्षियों की सुरक्षा को हर मौसम में जरूरी है Bird Home, इसे बनाते समय यह रखें ध्यान, DM बागपत ने की है पहल
Baghpat News बागपत में डीएम अस्मिता लाल ने हर मौसम हर घर एक पक्षी घर मुहिम शुरू की है जिसका उद्देश्य हर घर में पक्षी घर बनाकर पक्षियों को सुरक्षित आश्रय प्रदान करना है। यह पहल न केवल पक्षियों की जान बचाएगी बल्कि इंसान और प्रकृति के बीच एक गहरा रिश्ता भी स्थापित करेगी।

जागरण संवाददाता, बागपत: जहां एक ओर बदलते मौसम इंसानों के लिए कभी राहत तो कभी चुनौती लेकर आते हैं, वहीं पक्षियों के लिए यह समय और भी कठिन होता है। कभी बारिश, कभी तेज धूप, तो कभी सर्द हवाएं... यह सभी मौसम उनके लिए सुरक्षित आश्रय की कमी को उजागर करते हैं। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए डीएम अस्मिता लाल ने ‘हर मौसम, हर घर: एक पक्षी घर’ मुहिम शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य है कि हर नागरिक अपने घर, आंगन, छत या बगीचे में एक पक्षी घर स्थापित करे, ताकि पक्षियों को साल भर एक सुरक्षित आश्रय मिल सके। इससे न केवल पक्षियों की जान बचाई जा सकती है, बल्कि इंसान और प्रकृति के बीच एक गहरा और करुणामय रिश्ता भी स्थापित होगा।
हर मौसम के लिए पक्षी घर क्यों जरूरी
मानसून में लगातार बारिश और तेज हवाओं से पक्षियों के घोंसले नष्ट हो जाते हैं, अंडे और नन्हे चूजे संकट में आ जाते हैं।
गर्मी में: तेज धूप और गर्म हवाएं उन्हें जल स्रोत और छांव से वंचित कर देती हैं।
सर्दियों में: कम तापमान और ठंडी हवाएं उनके लिए जीवन संकट बन जाती हैं।
डीएम अस्मिता लाल ने कहा कि प्रकृति और पशु-पक्षियों की रक्षा करना केवल दया नहीं, बल्कि हमारा संविधानिक कर्तव्य भी है। यदि हर घर में एक पक्षी घर हो तो हम हजारों पक्षियों को सुरक्षित जीवन देने के साथ साथ आने वाली पीढ़ियों को भी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का संदेश दे सकते हैं। पक्षी घर लगाने से अनेक लाभ मिलते हैं। ये न केवल पर्यावरण को संतुलित करते हैं, बल्कि हमारे जीवन में भी सकारात्मक बदलाव लाते हैं।
सबसे पहले, पक्षी प्राकृतिक कीट नियंत्रण में सहायक होते हैं। वे पौधों को नुकसान पहुंचाने वाले कीड़े और लार्वा खाते हैं। इस प्रकार, खेतों और बगीचों में रसायनों के उपयोग की आवश्यकता कम हो जाती है। कुछ पक्षी परागण और बीज फैलाव में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे जैव विविधता बढ़ती है और पौधों का प्राकृतिक चक्र सुचारु रहता है।
पक्षियों की उपस्थिति हरियाली और जीवन्तता बनाए रखती है। खेतों और बगीचों में उनका आना-जाना प्राकृतिक संतुलन को मजबूत करता है। इसके साथ ही पक्षियों की चहचहाहट मानसिक शांति प्रदान करती है। उनका मधुर स्वर तनाव और थकान को कम करने में सहायक होता है। बच्चों के लिए पक्षी घर प्रकृति से जुड़ने और जीवों को समझने का एक सुंदर अवसर प्रदान करते हैं। इससे उनमें संवेदनशीलता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
कैसे बनाएं पक्षी घर?
लकड़ी, प्लास्टिक की बोतल, या मिट्टी के बर्तन जैसे सुलभ साधनों से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसे बनाकर छत, दीवार या पेड़ जैसे सुरक्षित स्थान पर ऊंचाई पर टांगना चाहिए।
पानी और दाने की व्यवस्था हो तो पक्षी बार-बार लौटेंगे और इसे अपना स्थायी निवास बना लेंगे। यह ध्यान रखें कि छेद का आकार स्थानीय पक्षियों के अनुकूल हो।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।