Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बागपत में वृद्धा की हत्या, चारपाई पर पड़ा मिला शव

    By Rajeev Kumar Edited By: Praveen Vashishtha
    Updated: Sat, 22 Nov 2025 06:39 PM (IST)

    बागपत के बावली गांव में एक वृद्धा की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। मृतका के गले पर निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और मृतका के एक नजदीकी से पूछताछ कर रही है। मामला संपत्ति विवाद से जुड़ा हुआ लग रहा है।

    Hero Image

    बड़ौत के बावली गांव में विलाप करती महिलाएं। जागरण

    जागरण संवाददाता, बड़ौत (बागपत)। बावली गांव की मोल्हू पट्टी में शुक्रवार की रात अनुसूचित जाति की 65 वर्षीय वृद्धा की घर में घुसकर हत्या कर दी गई। घटना के समय वृद्धा घर में अकेली थी। जानकारी के बाद मृतका की चार बेटियां घर पहुंचीं और शव को देखकर बिलख पड़ी। वृद्धा के गले पर निशान थे और ठोड़ी समेत चेहरे पर खून लगा था। आशंका जताई जा रही है कि मारपीट कर गला दबाकर वृद्धा की हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस ने शक के आधार पर मृतका के नजदीकी से पूछताछ शुरू कर दी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    65 वर्षीय सत्तो के पति पूरण की 20 साल पहले मौत हो गई थी। बेटी रेखा, रीना, मीनाक्षी और रमा की शादी के बाद वह घर पर अकेली ही रह रही थी। चारों बेटियां अपनी ससुराल में रहती थीं। कुछ समय पहले रीना ने अपने मकान से सटे अपने चाचा खिम्मा का घर खरीदा था। उसके बाद रीमा से यह घर मीनाक्षी ने खरीद लिया था। लव मैरिज करने के बाद मीनाक्षी अपने पति अभिषेक शर्मा उर्फ मोनू शर्मा के साथ दिल्ली में रहती है। मीनाक्षी घर को दोबारा बना रही थी, जिस कारण उसका अपनी मां सत्तो के पास आना जाना लगा रहता था।

    मीनाक्षी ने बताया कि शुक्रवार की दोपहर वह अपनी मां के पास से दिल्ली गई थी। शनिवार की सुबह लगभग साढ़े दस बजे उसे पड़ोस की महिला शिमला ने जानकारी दी कि आवाज लगाने के बाद उसकी मां दरवाजा नहीं खोल रही है। उसके बाद उसने पड़ोस के एक युवक को बताए रास्ते से अपने घर भेजा और वाट्सअप काल पर अपनी मां को चारपाई पर लेटे देखा तो उसकी जीभ बाहर निकली थी और ठोड़ी के पास खून लगा था। शक होने पर उसने अपनी छोटी बहन रमा को फोन कर मां का पता लेने के लिए कहा, जिसके बाद किरठल से रमा घर पर पहुंचकर अपनी मां को देखा।

    रमा ने बताया कि चारपाई पर मां मृत अवस्था में पड़ी थी और उसे कंबल ओढ़ा रखा था। उसके गले पर निशान, ठोड़ी और बाई आंख के पास खून देखा। उनके बाएं कान का कुंडल पास पड़ा था। देखने से लग रहा था कि मरने से पहले हत्यारोपित से उनकी मां ने संघर्ष किया है। उधर, मीनाक्षी और उसका पति अभिषेक शर्मा के अलावा रेखा और रीना भी मौके पर पहुंचे। अभिषेक ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। दोपहर लगभग 12 बजे कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार चाहल, सीओ विजय कुमार, एएसपी प्रवीण कुमार मौके पर पहुंचे और घटना की जांच की।

    उधर, पुलिस ने सत्तो के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद ही सत्तो की मौत के कारणों का पता चलेगा। जांच करने से लग रहा है कि वृद्धा के किसी नजदीकी ने वारदात को अंजाम दिया है। मामला संपत्ति विवाद का लग रहा है। एक नजदीकी से पूछताछ भी की जा रही है।