सजा से बचने के लिए महिला की हत्या कर फंदे से लटकाने का आरोप लगा किया आत्महत्या नाटक
एक महिला की हत्या के बाद, आरोपी पर सजा से बचने के लिए उसे फांसी पर लटकाकर आत्महत्या का दृश्य बनाने का आरोप है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और सच्चाई का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

जागरण संवाददाता, बहराइच। छेड़खानी के दर्ज मुकदमे में सजा से बचने के लिए आरोपितों पर महिला की हत्या कर शव फंदे से लटकाने का आरोप लगा है। मृतका के भाई ने आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मोतीपुर इलाके के एक गांव निवासी महिला का पति दिल्ली रहकर मेहनत मजदूरी करता है। इसी बात का फायदा उठाकर डेढ़ साल पहले दो लोगों ने उसके घर मे घुसकर सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था।
आरोप है कि घटना की नामजद तहरीर देने के बाद भी तत्कालीन थानाध्यक्ष ने आरोपितों शकील व आदित्य के खिलाफ केवल छेड़खानी का मुकदमा दर्ज मामले में आरोपितों को बचाने का काम किया था।
महिला के मामले में लगातार हो रही सुनवाई के चलते आरोपितों को न्यायालय से सजा का डर सताने लगा। आरोप है कि उन्होंने कई बार महिला को मामले में सुलह करने लिए धमकाया, लेकिन महिला ने लगातार विरोध करते हुए सुलह करने से मना कर दिया।
बुधवार देर शाम महिला का शव घर में फंदे से लटका पाया गया। उसके दोनों पैर जमीन पर टिके हुए थे। जानकारी के बाद पहुंचे मृतका के भाई ने बहन की हत्या कर शव को लटकाने का आरोप लगाया है। जानकारी के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मामले में थानाध्यक्ष आनंद चौरसिया ने बताया कि तत्कालीन थानाध्यक्ष के कार्यकाल में घटना और कार्रवाई हुई थी। मामले की जांच कराई जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत का कारण भी स्पष्ट हो सकेगा।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।